- गुरुग्राम के बादशाहपुर में एक 19 वर्षीय युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर को शक के कारण गंभीर रूप से पीटा
- पीड़िता त्रिपुरा की रहने वाली है और आरोपी युवक दिल्ली का निवासी है, दोनों की उम्र 19 वर्ष है
- पीड़िता को गंभीर हालत में गुरुग्राम के अस्पताल से दिल्ली के एम्स में रेफर किया गया है
दिल्ली से सटे गुरुग्राम में लिव-इन पार्टनर की हैवानियत सामने आई है. सिर्फ शक के आधार पर ही एक 19 साल के लड़के ने अपनी ही लिव-इन पार्टनर को इतनी बुरी तरह पीटा कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ गया. पीड़िता त्रिपुरा की रहने वाली है, जबकि उसका बॉयफ्रेंड दिल्ली का रहने वाला है. दोनों की उम्र 19 साल है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी बॉयफ्रेंड को अपनी गर्लफ्रेंड पर शक था, जिस कारण उसने उसके साथ हैवानियत की सारें हदें पार कर दीं. पुलिस ने आरोपी बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है.
कहां का है मामला?
ये मामला गुरुग्राम के बादशाहपुर का बताया जा रहा है. घटना सेक्टर 69 स्थित पीजी की है. जानकारी के मुताबिक, एक महिला ने पुलिस को फोन कर बताया था कि उसकी 19 साल की बेटी के साथ उसके लिव-इन पार्टनर ने मारपीट की है. इसके बाद पुलिस पीजी पहुंची और वहीं से आरोपी बॉयफ्रेंड शिवम को गिरफ्तार कर लिया.
दिल्ली एम्स में भर्ती है पीड़िता
डीसीपी (साउथ) हितेश यादव ने बताया कि 19 साल की पीड़िता को गंभीर हालत में गुरुग्राम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के एम्स में रेफर कर दिया.
6 महीने पहले हुई थी दोनों की मुलाकात
पुलिस ने बताया कि पीड़िता और आरोपी शिवम की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी. शिवम दिल्ली का रहने वाला है और दोनों के परिवार वालों के बीच शादी की बात भी चल रही थी. लेकिन बुधवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. बहस इतनी बढ़ी कि शिवम उसे बेरहमी से मारने लगा. पीड़िता के शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान मिले हैं.














