- दिल्ली एनसीआर में मार्च के पहले दिन पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे गर्मी की शुरुआत हुई है
- मौसम विभाग के अनुसार होली के दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है
- दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से लगभग तीन डिग्री अधिक है
Delhi Weather Update: दिल्ली एनसीआर में मौसम ने एक पलटी मार दी है. फरवरी खत्म होते ही दिल्ली एनसीआर में गर्मी का सितम शुरू हो गया है. मार्च के पहले दिन दिल्ली एनसीआर में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में उत्तर भारतीयों को भीषण गर्मी के लिए तैयार रहना चाहिए. रविवार की सुबह से ही कड़ी धूप निकल रही है. इस दौरान हवा की गति कम होने के कारण गर्मी का अहसास कुछ ज्यादा लग रहा है. मौसम विभाग की मानें तो होली के दिन पारा 34 के पार पहुंच सकता है.
भीषण गर्मी की आहट!
दिल्ली एनसीआर में कुछ दिनों पहले तक ही सुबह और शाम को गुलाबी ठंड रहती थी. इससे लग रहा था कि होली तक मौसम ऐसा ही रहेगा. लेकिन मार्च महीने के पहले ही दिन मौसम ने यूटर्न ले लिया. कड़ी धूप ने आने वाले दिनों में पड़ने वाली भीषण गर्मी का ट्रेलर दिखा दिया है. दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत तापमान से 2.9 डिग्री अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 74 प्रतिशत दर्ज की गई. मौसम विभाग ने दिन के दौरान तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है, जबकि अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है.
होली पर कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में 1 मार्च से 3 मार्च तक मौसम साफ रहने की संभावना है, हालांकि, पारा 30 डिग्री के पार ही बना रहेगा. मौसम विभाग ने 1 मार्च को बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया है. होली के दिन 4 मार्च को पारा 34 डिग्री के पार जा सकता है. इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 1 मार्च को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या मार्च में ही गर्मी रिकॉर्ड तोड़ देगी?
दिल्ली की हवा भी हुई साफ...
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 197 दर्ज किया गया, जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है. सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच 'मध्यम', 201 से 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है.
यूपी में भी लगातार बढ़ रहा पारा
दिल्ली से सटे यूपी में भी गर्मी का कहर शुरू हो गया है. मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों में तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ सकता है, जिससे लोगों के पसीने छूटने शुरू हो जाएंगे. ऐसे में यूपी के कई शहरों में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है. यूपी में आने वाले दिनों बारिश की कोई संभावना नहीं है. ऐसे में लोगों को भीषण गर्मी का टेरर झेलने के लिए तैयार रहना चाहिए.
ये भी पढ़ें :- मार्च में ही चलेगी लू! दिल्ली एनसीआर में फरवरी में चढ़ रहा पारा, अगले महीने क्या होगा मौसम का हाल














