दिल्लीः पुलिस वालों का वीडियो बनाकर उनसे ही गलत काम करवाता था ये रैकेट, सड़क पर खुलेआम होती थी 'लूट'

दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक फ्रॉड और उगाही के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया, जिसमें अब तक 20 आरोपी गिरफ्तार हुए हैं. मास्टरमाइंड जय भगवान भी सलाखों के पीछे है. ये गैंग कमर्शियल वाहनों को नो-एंट्री के दौरान निकालवाने के लिए फर्जी स्टिकर बेचता था.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ट्रैफिक फ्रॉड और उगाही के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है
  • गैंग नो-एंट्री नियमों के दौरान कमर्शियल वाहनों को निकालने के लिए फर्जी स्टिकर बेचकर मोटी रकम वसूलता था
  • मास्टरमाइंड जय भगवान और उसके सहयोगी शिवम शर्मा मुख्य आरोपी हैं जिनके पास से स्टिकर, मोबाइल फोन और वाहन बरामद
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्‍ली:

दिल्‍ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के हत्‍थे एक ऐसा गैंग लगा है, जो पुलिस वालों को ब्‍लैकमेल कर ट्रैफिक फ्रॉड और उगाही का बड़ा रैकेट चला रहा था. पुलिस वालों की आंखों के सामने ये गैंग सड़क पर खुलेआम लोगों को 'लूट' रहा था. ये गैंग दिल्ली में नो-एंट्री के दौरान कमर्शियल गाड़ियों को निकालवाने का 'धंधा' चला रहा था और ये पूरा खेल ट्रैफिक पुलिस के सामने खेला जा रहा था. हालांकि, अब गैंग का मास्‍टरमाइंड सलाखों के पीछे पहुंच गया है.        

गैंग के 20 आरोपी अब तक गिरफ्तार 

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ट्रैफिक फ्रॉड और उगाही के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस रैकेट के दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए आरोपियों में इस गिरोह का मास्टरमाइंड जय भगवान और उसका सहयोगी शिवम शर्मा शामिल हैं. क्राइम ब्रांच की एंटी-रॉबरी एंड स्नैचिंग सेल की कार्रवाई में अब तक इस मामले में अलग-अलग सिंडिकेट से जुड़े कुल 20 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 282 फर्जी स्टिकर और मार्का, 6 मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद की है.

ऐसे काम करता था पूरा नेटवर्क

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह दिल्ली में नो-एंट्री के दौरान कमर्शियल गाड़ियों को निकालने का झांसा देकर उनसे हर महीने 2000 से 5000 रुपये प्रति गाड़ी तक वसूलता था. इसके बदले ट्रक या कमर्शियल वाहनों पर लगाने के लिए खास तरह के स्टिकर या ‘मार्का' दिए जाते थे, जिनके जरिए ड्राइवर दावा करते थे कि उन्हें चालान से छूट है. पुलिस के मुताबिक, गिरोह का काम सिर्फ स्टिकर बेचने तक सीमित नहीं था. आरोपी ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाते थे और बाद में उन वीडियो को एडिट करके सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देते थे. इस तरीके से वे ट्रैफिक पुलिस पर दबाव बनाकर अपने वाहनों को नो-एंट्री के समय भी निकलवा लेते थे और उगाही का पूरा नेटवर्क चलाते थे.

ये भी पढ़ें :- ड्रग्स तस्करी का छापा मारने गई थी दिल्ली पुलिस, खुद के ही डिपार्टमेंट का हो गया भंडाफोड़

Advertisement

कौन है मास्‍टरमाइंड जय भगवान?
 

इस मामले में पहले से ही क्राइम ब्रांच की SIT ने अलग-अलग सिंडिकेट के 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया था. अब जय भगवान और शिवम शर्मा की गिरफ्तारी के बाद कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 20 हो गई है. पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से इस ऑर्गेनाइज्ड नेटवर्क को तोड़ने में बड़ी सफलता मिली है. गिरफ्तार आरोपी जय भगवान (38) हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला है और दिल्ली के रिठाला इलाके में भी रहता था. पुलिस के मुताबिक वही इस पूरे रैकेट का सरगना है और ड्राइवरों को फर्जी स्टिकर देकर ट्रैफिक पुलिस से बचने का तरीका बताता था. जय भगवान पहले भी हत्या, डकैती, आर्म्स एक्ट और पुलिसकर्मियों से उगाही जैसे मामलों में शामिल रह चुका है. उसके पास से 265 स्टिकर, 5 मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार बरामद हुई है.

ये भी पढ़ें :- दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: फर्जी मेडिकल वीजा पर रह रहे 10 बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, डिपोर्टेशन की प्रक्रिया शुरू

Advertisement

दूसरा आरोपी शिवम शर्मा (26) उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद का रहने वाला है और पेशे से ड्राइवर है. जांच में पता चला कि वह गिरोह के दूसरे सरगना जीशान अली का करीबी सहयोगी है और दिल्ली में अलग-अलग ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों को ये फर्जी स्टिकर पहुंचाने का काम करता था. उसके पास से 17 स्टिकर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. क्राइम ब्रांच के डीसीपी संजय कुमार यादव के मुताबिक, इस मामले में जांच जारी है और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दिल्ली में ट्रैफिक नियमों के नाम पर चल रहे इस तरह के फर्जीवाड़े और उगाही के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमेरिका ने B-2 Bomber से किया हमला | Donald Trump