दिल्ली में LPG सिलेंडरों का बड़ी काला बाजारी का खुलासा, 74 सिलेंडर बरामद, 3 आरोपी गिरफ्तार

Delhi LPG Black Marketing: महिपालपुर में अवैध LPG सिलेंडर जमा किए जाने की सूचना मिली थी. टीम ने तुरंत छापा मारा. मौके पर तीनों आरोपी पकड़े गए. आरोपियों के पास इन सिलेंडरों को रखने या बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Delhi LPG Black Marketing: दिल्ली के साउथ-वेस्ट जिले के महिपालपुर इलाके में पुलिस ने एक बड़े अवैध LPG सिलेंडर होर्डिंग और ब्लैक मार्केटिंग रैकेट का भंडाफोड़ किया है. AATS टीम ने इस कार्रवाई में तीन आरोपियों कृष्ण (33), दिनेश साहू (46) और मिथिलेश (39) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने मौके से कुल 74 गैस सिलेंडर बरामद किए हैं, जिनमें 70 घरेलू और 4 कमर्शियल सिलेंडर शामिल हैं. इसके अलावा एक टाटा ऐस गोल्ड गाड़ी, वज़न मापने की मशीनें और गैस ट्रांसफर करने का उपकरण भी जब्त किया गया है.

LPG सिलेंडर की कालाबाजारी

पुलिस के मुताबिक, 21 मार्च 2026 को AATS टीम को महिपालपुर के एक पते पर अवैध LPG सिलेंडर जमा किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी. टीम ने तुरंत छापा मारा. मौके पर तीनों आरोपी पकड़े गए और जब जांच की गई तो बड़ी मात्रा में सिलेंडर और उपकरण बरामद हुए. आरोपियों के पास इन सिलेंडरों को रखने या बेचने का कोई लाइसेंस नहीं था.

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी बिना बिल के स्थानीय लोगों को गैस सिलेंडर बेचते थे, जिससे उन्हें ज्यादा मुनाफा मिलता था. ये लोग टाटा ऐस गोल्ड गाड़ी का इस्तेमाल सिलेंडर ढोने के लिए करते थे और किराए पर लिए गए ठिकाने पर इन्हें जमा करते थे. इतना ही नहीं आरोपी भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली सिलेंडरों में भरते थे, ताकि सप्लाई बढ़ाकर ज्यादा कमाई की जा सके.

बिहार के रहने वाले हैं आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पिछले 20-25 साल से दिल्ली में रह रहे हैं और करीब 3 साल से महिपालपुर इलाके में इस अवैध गैस सप्लाई के धंधे में लगे हुए थे. ये सभी मूल रूप से बिहार के बांका जिले के रहने वाले हैं. पुलिस ने मौके से 54 भरे और 16 इस्तेमाल किए हुए घरेलू सिलेंडर, 3 भरे और 1 इस्तेमाल किया हुआ कमर्शियल सिलेंडर, एक इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन, दो हैंगिंग वेट मशीन, एक टाटा ऐस गोल्ड गाड़ी और गैस ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल होने वाली मेटल पाइप बरामद की है.

Advertisement

इस मामले में थाना वसंत कुंज नॉर्थ में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 और BNS की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और आगे की जांच जारी है.

ये भी पढ़ें: अशोक खरात मामले में आयकर विभाग की एंट्री! संपत्तियों की होगी जांच, दानदाताओं-साझेदार भी निशाने पर

Featured Video Of The Day
कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को लेकर आई बड़ी खबर, आखिर क्यों हो गई FIR
Topics mentioned in this article