Cab Driver Molest Woman: दिल्ली से सटे गुरुग्राम (हरियाणा) में महिला के साथ अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है, जहां ऑफिस जाने के लिए कैब बुक करने वाली महिला के साथ कैब चालक ने अश्लील इशारे कर छेड़छाड़ की. शिकायत मिलने पर गुरुग्राम पुलिस ने कुछ ही घंटे में कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया.
दरअसल, एक महिला ने अपने ऑफिस जाने के लिए रैपिडो प्लेटफॉर्म के माध्यम से कैब बुक की थी. आरोप है कि यात्रा के दौरान चालक ने उसके साथ अश्लील हरकत की और अभद्र इशारे किए. महिला ने जब विरोध किया और कार रुकवाई तो आरोपी मौके से फरार हो गया. इसके बाद महिला ने सदर थाना में शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज चेक कर कार का नंबर नोट किया. इसके बाद आरोपी की पहचान कई और फिर कार्रवाई करते हुए उसे भोंडसी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया.
कार में बैठाने के बाद ही करने लगा छेड़छाड़
महिला थाना सेक्टर -51 की एसएचओ सुमन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के बनिहारी गांव का निवासी बताया जा रहा है. शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म पर कैब चलाने का काम करता है. पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने महिला को कार में बैठाने के कुछ समय बाद ही छेड़छाड़ की वारदात को अंजाम दिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है.
(साहिल मनचंदा की रिपोर्ट)














