Delhi Budget 2026: वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली बजट 24 मार्च (मंगलवार) को जारी होगा. दिल्ली विधानसभा में बजट पेश होने से पहले एक बार फिर खीर सेरेमनी चर्चा में है. साथ ही यह भी चर्चा है कि क्या इस बार बजट में महिलाओं और लड़कियों के लिए बड़े ऐलान होंगे? मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को इस पारंपरिक खीर रस्म के साथ बजट प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी.
बजट से पहले खीर सेरेमनी की परंपरा
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता बजट पेश करने से एक दिन पहले सोमवार को ‘खीर रस्म' निभाएंगी. इस रस्म की शुरुआत उन्होंने पिछले साल की थी. इस परंपरा में खीर बनाकर भगवान राम को अर्पित की जाती है, जिसके बाद इसे बजट प्रक्रिया से जुड़े लोगों और आम जनता में वितरित किया जाता है. यह समारोह विधानसभा में वित्तीय कार्यवाही की एक प्रतीकात्मक और सकारात्मक शुरुआत माना जाता है.
दूसरी बार पेश करेंगी बजट
सीएम रेखा गुप्ता 24 मार्च 2026 को लगातार दूसरी बार दिल्ली का बजट पेश करेंगी. इसे लेकर सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं और अलग-अलग वर्गों से सुझाव भी लिए गए हैं.
जनभागीदारी पर फोकस
दिल्ली बजट 2026 तैयार करने से पहले मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में गिग वर्कर्स, किसानों, ग्रामीण प्रतिनिधियों और श्रमिक संगठनों के साथ कई दौर की बैठकें कीं. इन बैठकों में लोगों ने अपने अनुभव, समस्याएं और अपेक्षाएं साझा कीं. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि बजट में इन सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी.
महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं की उम्मीद
दिल्ली सरकार ने संकेत दिए हैं कि बजट 2026-27 में महिलाओं और लड़कियों के लिए खास योजनाएं लाई जा सकती हैं. ‘नारी उत्सव' कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और देश को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की ओर ले जा रही हैं. ऐसे में बजट में महिला-केंद्रित योजनाओं पर विशेष जोर रहने की संभावना है.
परंपरा के साथ संदेश भी
दिल्ली बजट के मौके पर खीर सेरेमनी सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि सकारात्मकता, समावेश और जनभागीदारी का संदेश भी देती है. अब सबकी नजर 24 मार्च को पेश होने वाले बजट पर है क्या यह बजट सच में हर वर्ग, खासकर महिलाओं के लिए बड़ी सौगात लेकर आएगा?














