पंजाब के कुराली से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक साढ़े चार साल की बच्ची को दिनदहाड़े उसके दादा-दादी के सामने से किडनैप कर लिया गया. बच्ची को बचाने की कोशिश कर रहे दादा-दादी को भी कार चालक ने कुचलने की कोशिश की, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है. घटना की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें किडनैपिंग की पूरी घटना कैद हुई है.
सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दादा-दादी स्कूटी पर अपनी पोती के साथ जा रहे होते हैं, तभी गली में पीछे से एक बाइक आकर रुकती है और उस पर सवार लोग बच्ची को उठाने लगते हैं. दादा-दादी इसका जोरदार विरोध करते हैं, लेकिन उसी दौरान पीछे से एक कार आती है. कार में सवार लोग उतरते हैं और बच्ची को जबरन उठाकर गाड़ी में बैठा लेते हैं.
इस दौरान बच्ची को बचाने की कोशिश करते हुए दादा-दादी कार के बोनट पर गिर जाते हैं, लेकिन किडनैपर्स उनकी परवाह किए बिना मौके से फरार हो जाते हैं. बच्ची के पिता, जो एक सरकारी शिक्षक हैं, उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी मां का फोन आया था, जिसमें बताया गया कि बच्ची का अपहरण हो गया है. उन्होंने बताया कि उनका अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा है और कोर्ट में बच्चों की कस्टडी को लेकर केस चल रहा है.
पिता ने अपनी पत्नी पर किडनैपरों की मदद से बच्ची को अगवा करवाने का शक जताया है और पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है. उन्होंने कहा कि रोजाना उनके माता-पिता ही बच्ची को स्कूल से लेकर आते थे.














