फरीदाबाद में फ्रूटी पीने से बिगड़ी युवक की तबीयत, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत 

पीड़ित परिजनों ने पुलिस को बताया है कि व्रत तोड़ने के लिए अंकुश ने जैसे ही फ्रूटी पिया तो उसके पेट में एकाएक तेज दर्द शुरू हो गया. इसके बाद उसे कई उल्टियां भी हुई. अंकुश की हालत को बिगड़ता देख परिजन उसे अस्पताल लेकर जाने लगे लेकिन उसने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फ्रूटी पीने से गई शख्स की जान
NDTV
फरीदाबाद:

हरियाणा के फरीदाबाद से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक 33 वर्षीय शख्स की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. बताया जा रहा है कि युवक ने कथित तौर पर व्रत खोलने के लिए पैक्ड फ्रूट ड्रिंक फ्रूटी पी थी. फ्रूटी पीने के बाद ही उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ी और जब परिजन उसे पास के अस्पताल लेकर जाने लगे तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. पुलिस ने मृतक की पहचान अंकुश के रूप में की है. पुलिस के अनुसार मौत की असल वजह का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना फरीदाबाद के भारत कॉलोनी स्थित हनुमान नगर की है. 

एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल रेफर करते रहे डॉक्टर

पुलिस की जांच में पीड़ित परिजनों ने बताया है कि अंकुश ने व्रत खोलने के लिए बीती रात फ्रूटी पी थी. फ्रूटी पीने के बाद अंकुश के पेट में तेज दर्द शुरू हो गया. उसने कई बार उल्टियां भी की. बाद में उसका पेट भी खराब हो गया. उसकी स्थिति ज्यादा बिगड़ती देख हम उसे तुरंत पास के अस्पताल लेकर भागे.  हम पहले उसे एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे जहां से उसे तुरंत फरीदाबाद के शिव अस्पताल बादशाह खान में रेफर कर दिया गया. बादशाह खान अस्पताल के डॉक्टरों ने अंकुश को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया.  लेकिन हमने उसका फरीदाबाद में ही इलाज कराने का फैसला किया लेकिन इससे पहले की हम उसे किसी दूसरे निजी अस्पातल में एडमिट करा पाते उसने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया. 

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से ही साफ होगी मौत की वजह

पुलिस के अनुसार इस मामले में अंकुश की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ये साफ हो पाएगा कि आखिर उसकी मौत किस वजह से हुई है. पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है. साथ ही परिजनों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस ने फिलहाल पीड़ित परिवार की शिकायत दर्ज कर ली है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभी मौत किस वजह से हुई उसे लेकर कोई भी टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी. 

Featured Video Of The Day
राम मंदिर में चोरी पर स्टूडियो में छिड़ गई आर-पार की जंग!
Topics mentioned in this article
Man Died
Frooti
Faridabad Police