दिल्ली : युवक को बीच-बचाव करना पड़ा महंगा, बदमाशों ने गोली मारकर हत्या की 

बीती रात दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में करीब दर्जननभर से ज्यादा बदमाशों ने कई गाड़ियों और दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की और 2 सगे भाइयों को चाकू और गोली मार दी.

विज्ञापन
Read Time: 6 mins
प्रतीकात्मक चित्र.
नई दिल्ली:

बीती रात दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में करीब दर्जननभर से ज्यादा बदमाशों ने कई गाड़ियों और दुकानों में जमकर तोड़फोड़ की और 2 सगे भाइयों को चाकू और गोली मार दी. जिसमें एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है. स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों ने बताया कि पहले 2 लोगों का झगड़ा हुआ था. जिसमें मृतक ने बीच-बचाव करवा दिया और यही उसे भारी पड़ गया. इस झगड़े के थोड़ी देर बाद ही करीब दर्जन भर से ज्यादा नकाबपोश लोग आए जिनके हाथों में हथियार थे और उन्होंने आते ही कई गोलियां चलाई और सड़क पर खड़ी कई गाड़ियों और दुकानों में तोड़फोड़ कर दी. इस बीच उन्होंने दोनों युवकों पर हमला कर दिया.

अपने एक जवान बेटे की हत्या, और दूसरे के गंभीर हालत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. वे पुलिस व प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं. वहीं इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में एक तरफ जहां डर और दहशत का माहौल है, वहीं दूसरी तरफ लोगो में पुलिस के प्रति काफी गुस्सा भी है. क्योंकि लोगों का आरोप है कि इलाके में अवैध शराब और कई जुए व सट्टे के अड्डे चल रहे हैं. जिनकी वजह से घटनाएं होती हैं. इसी से नाराज़ होकर आज मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगो ने पहले S ब्लॉक मेन चौक और फिर मंगोल पुरी स्थित आउटर रिंग रोड को कई घंटों तक जाम किया और पुलिस व स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. साथ ही पुलिस से अपनी सुरक्षा और घटना के आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की.

मृतक युवक का नाम काले है, जो कि घटना स्थल पर ही नॉनवेज बेचने का काम करता था. लोगों का आरोप है कि इस घटना को अंजाम देने वाले बदमाश पहले भी कई वारदातों में शामिल रहे हैं और इलाके में वर्चस्व को लेकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया गया है. पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर ली है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी कर रही है. 

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Raghav Chaddha Join BJP: BJP में आए Kejriwal के 7 सांसद |Bharat Ki Baat Batata Hoon
Topics mentioned in this article