Gopalganj Fraud news: बिहार के गोपालगंज जिले में निवेश के नाम पर लोगों के साथ करोड़ों की ठगी करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक फर्जी कंपनी ने लोगों को शेयर मार्केट में पैसे दुगुना करने का झांसा देकर उनसे करोड़ों रुपए वसूले.जिसमें सैकड़ों परिवारों को दिवालिया बना दिया. अब कंपनी का दफ्तर बंद है और उसकी वेबसाइट भी 'आउट ऑफ रीच' हो चुकी है.
80 करोड़ की ठगी और फिर मिली धमकी
यह घटना सिर्फ एक या दो लोगों के साथ नहीं हुई है. बल्कि ऐसे सैकड़ों लोग हैं जिन्होंने UP के गोरखपुर की कंपनी 'आस्था' में लाखों रुपये इन्वेस्ट किए थे. लेकिन यह रकम डबल होने से पहले ही कंपनी बंद हो गई. इसके इन्वेस्टर बर्बाद हो गए. जिले के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के बरईपट्टी गांव के रहने वाले सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने बताया कि आस्था नाम की कंपनी के मालिक विश्वजीत श्रीवास्तव ने अपनी टीम के सदस्यों से उनसे 80 करोड़ रुपये इन्वेस्ट करवाए.
20 महीने में दोगुना पैसा वापस करने का दिया था लालच
उन्होंने आगे बताया कि कंपनी की तरफ से उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उन्हें और उनकी टीम के सैकड़ों लोगों को सिर्फ 20 महीने में दोगुना पैसा वापस कर दिया जाएगा. जिसके बाद उनका पैसा शेयर मार्केट में लगाया गया था, जिसका प्रॉफिट हर महीने 5 से 15 परसेंट है. लेकिन जब उनका पैसा मैच्योर होने वाला था, तो कंपनी ने पैसे देने से मना कर दिया. पीड़ित के मुताबिक, कंपनी के मालिक ने धमकी दी है कि अगर उनके खिलाफ लीगल एक्शन लिया गया तो वह उनके खिलाफ एक-दो नहीं बल्कि 50 केस करेंगे.
धोखाधड़ी का सबूत देते हुए लोग
Photo Credit: NDTV
जमीन और गहने गिरवी रखकर किया था निवेश
ठगी के शिकार सैकड़ों लोग इंसाफ की गुहार लेकर गोपालगंज समाहरणालय पहुंचे और एसपी से लिखित शिकायत दर्ज कराई. एक अन्य पीड़ित राहुल कुमार ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि उन्होंने अपनी जमीन बेचकर और गहने गिरवी रखकर करीब 75 लाख रुपये इस कंपनी में लगाए थे. राहुल के मुताबिक, कंपनी एमसीए (MCA) से रजिस्टर्ड होने और ट्रेड लाइसेंस दिखाने के कारण भरोसेमंद लगती थी, जिससे प्रभावित होकर लगभग 10 हजार लोगों ने इसमें 500 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर दिया.
आरोपी और उसके साथियों की तलाश शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विनय तिवारी के आदेश पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. एसपी ने बताया कि आरोपी विश्वजीत श्रीवास्तव और उसके साथियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है. साथ ही उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अत्यधिक मुनाफे का लालच देने वाली ऐसी फर्जी स्कीमों से सावधान रहें और अपनी मेहनत की कमाई को बिना जांच-पड़ताल के कहीं भी निवेश न करें.
यह भी पढ़ें; हरियाणा: टोल प्लाजा पर कब्जा...सड़कों पर उतरे किसान, रबी फसल खरीद के नए नियमों पर मचा बवाल














