Yuzvendra Chahal on Abstaining from Alcohol: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिनर युजवेंद्र चहल ने आने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की तैयारी को लेकर बड़ा कदम उठाया है. उन्होंने खुलासा किया कि वह पिछले छह महीनों से शराब से दूर हैं, ताकि अपनी फिटनेस और प्रदर्शन को बेहतर बना सकें. हाल ही में एबी डिविलियर्स के साथ एक पॉडकास्ट में चहल ने अपनी निजी ज़िंदगी और क्रिकेट करियर को लेकर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि अब 35 साल की उम्र में वह ज़्यादा एक्टिव रहना चाहते हैं और अपनी टीम के लिए 150% योगदान देना चाहते हैं. चहल ने कहा कि एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते वो चाहते हैं कि युवा खिलाड़ी उनसे सीखें और टीम को आगे बढ़ाने में मदद मिले.
पंजाब किंग्स का शानदार लेकिन अधूरा सफर
IPL 2025 में पंजाब किंग्स का प्रदर्शन शानदार रहा था. टीम ने फाइनल तक का सफर तय किया, लेकिन खिताब जीतने से चूक गई. फाइनल मुकाबले में उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 6 रनों से हार का सामना करना पड़ा. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पूरे सीजन में टीम ने बेहतरीन खेल दिखाया.
चहल ने हार का एक बड़ा कारण मार्को जेनसन की अनुपस्थिति को बताया. उन्होंने कहा कि अगर जेनसन फाइनल में खेलते, तो परिणाम अलग हो सकता था. उन्होंने जेनसन की गेंदबाजी और डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि वह टीम के लिए बेहद अहम खिलाड़ी हैं.
चहल ने यह भी स्वीकार किया कि वह अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने बताया कि कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के बाद उनकी पसली में फ्रैक्चर हो गया था. इसके अलावा उनकी उंगली (पोर) में भी चोट आई, जिससे वह सेमीफाइनल और फाइनल में अपनी स्वाभाविक लेग-स्पिन नहीं कर पाए.
IPL 2026 के लिए फिटनेस पर फोकस
चहल अब पूरी तरह फिटनेस पर ध्यान दे रहे हैं और अगले सीजन में मजबूत वापसी के लिए तैयार हैं. उनका लक्ष्य सिर्फ अच्छा प्रदर्शन करना ही नहीं, बल्कि टीम को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाना भी है. उनेहें भरोसा है कि बेहतर फिटनेस और आत्मविश्वास के साथ इस बार वह पहले से ज्यादा प्रभावशाली प्रदर्शन करेंगे.














