T20 World cup 2026: भारतीय टीम के लिए अचानक ही टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफ़ाइनल में पहुंचना समीकरणों का खेल बनता जा रहा है. इसके साथ ही वर्ल्ड कप की सबसे मज़बूत मानी जानेवाली भारतीय टीम पर सवाल भी उठने लगे हैं. सोशल मीडिया पर चेज़मास्टर विराट कोहली की शानदार पारियां और रोहित शर्मा की कप्तानी के जलवे याद किये जा रहे हैं. पाकिस्तान के स्टूडियोज़ में तो वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली की ख़ासकर तीन पारियों की मिसाल भी पेश की जा रही है. एक्सपर्ट्स और फ़ैन्स एक सुर में कहने लगे हैं कि कैसे इस समय टीम इंडिया को विराट कोहली जैसे खिलाड़ी की ज़रूरत है और इसलिए विराट कोहली को महान खिलाड़ी माना जाता है. .
ये भी पढ़ें- T20 World Cup Semifinal Scenario: भारत की हार और वेस्टइंडीज की जीत के बाद वर्ल्ड कप में उथल पुथल, जानें कौन पहुंचेगा समीफाइनल में
लक्ष्य का पीछा करना क्यों हो रहा मुश्किल?
मौजूदा वर्ल्ड कप में भारत ने अपने पहले चारों मैच पहले बैटिंग करते हुए जीते. जबकि,दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ 188 के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी टीम 19 ओवर से पहले ही 111 पर सिमट गई. पाकिस्तान के पूर्व पेसर मो. आमिर एक पाकिस्तानी टीवी शो ‘हारना मना है' में कहते हैं, “वर्ल्ड कप में पहली बार टीम इंडिया लक्ष्य का पीछा करते हुए एक्सपोज़ हो गई है. लोग ये भूल रहे हैं कि वर्ल्ड चैंपियन टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा होते थे जो सिचुएशन के हिसाब से मैच को निकालते थे.” वैसे तो लक्ष्य का पीछा करते हुए सभी टी-20 वर्ल्ड कप के मैचों में टीम इंडिया का रिकॉर्ड 12-2 का है. लेकिन ये भी सही है कि 160+ के स्कोर के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम अबतक सिर्फ़ तीन बार कामयाब हुई है. कमाल की बात ये है कि इन तीनों ही मौक़ों पर टीम इंडिया की जीत के हीरो विराट कोहली साबित हुए.
विराट पारियां, टी-20 वर्ल्ड कप में लक्ष्य का पीछा करते हुए
72* (44) रन - बनाम दक्षिण अफ़्रीका 172/4; भारत 176/4, ढाका में, 2014
82*(51) रन- बनाम ऑस्ट्रेलिया 160/6; भारत 1614, मोहाली में, 2016
82*(53) रन- बनाम पाकिस्तान 159/8; भारत 160/6, मेलबर्न में, 2022
इन तीनों ही बार ज़ाहिर तौर पर विराट कोहली मैन ऑफ़ द मैच के ख़िताब से नवाज़े गए थे. यहां तक कि पाकिस्तान के फ़ैन्स भी अपनी हार से ज़्यादा विराट की महान पारियों के गुण गाते दिख रहे हैं.
अच्छे रिकॉर्ड ROKO की वजह से
पूर्व भारतीय क्रिकेटर मो. कैफ़ एक टीवी चैनल पर कहते हैं,“लगातार 12 जीत का रिकॉर्ड इस टीम का नहीं है भाई. उस समय सूर्यकुमार यादव कप्तान नहीं थे. उस टीम को रोहित शर्मा की कप्तानी और विराट कोहली की मैच विनिंग पारियों ने वहां तक पहुंचाया था. इसलिए 12 लगातार जीत के रिकॉर्ड को इस टीम से जोड़कर नहीं देखें.”
वर्ल्ड कप में विराट-रोहित नंबर-1 और नंबर-2
इत्तिफ़ाकन टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज़्यादा रनों का रिकॉर्ड भी विराट कोहली और उसके बाद रोहित शर्मा के नाम है. T20 वर्ल्ड कप के 35 मैचों में विराट कोहली ने सबसे ज़्यादा 1292 रन (औसत 59, स्ट्राइक रेट 129) हैं. रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर आते हैं जिनके नाम 47 मैचों में 1220 रन (औसत 35, स्ट्राइक रेट 133) हैं.
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पिछले वर्ल्ड कप का फ़ाइनल जीतते ही 2024 में टी-20 क्रिकेट को अलविदा कह दिया. इत्तिफ़ाकन उसी दिन रविंद्र जडेजा ने भी टी-20 क्रिकेट से संन्यास लेने का फ़ैसला सुनाया था.पिछले 9 वर्ल्ड कप में भारत ने 57 मैच खेले हैं जिनमें भारत को 39 में जीत और 16 में हार का सामना करना पड़ा. 1 मैच बेनतीजा रहा है.














