Navjot Singh Sidhu on Vaibhav Suryavanshi: चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ ताबड़तोड़ अर्धशतकीय पारी खेलकर राजस्थान रॉयल्स को 47 गेंद शेष रहते आठ विकेट से बड़ी जीत दिलाने वाले युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उनकी योजना पावरप्ले में ही मैच का रुख तय करने की थी. महज 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने वाले सूर्यवंशी ने 17 गेंदों की पारी में 52 रन बनाए, जिससे राजस्थान रॉयल्स ने 128 रन के लक्ष्य को 12.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया. वैभव की तूफानी पारी को देकर पूर्व ओपनर नवजोत सिद्धू ने बड़ा बयान दिया है और माना है कि जल्द ही यह बल्लेबाज टीम इंडिया के लिए डेब्यू कर सकता है.
स्टार स्पोर्ट्स पर बात करते हुए नवजोत सिद्धू ने वैभव को लेकर भविष्यवाणी की और कहा कि "अगर एक दो मैच में यह बल्लेबाज ऐसा ही खेलता रहा तो जल्द ही टीम इंडिया में मौका मिलेगा".
ऐसे तो विव रिचर्ड्स भी नहीं खेले
सिद्धू आगे कहते हैं,”ऐसे तो विव रिचर्ड्स भी नहीं खेले. वैभव की चर्चा वैसे ही हो रही है जैसे कभी सचिन तेंदुलकर की होती थी! दरिया अपना रास्ता बदल देती है मगर इस खिलाड़ी ने कैच छूटने के बावजूद अपना अंदाज़ नहीं बदला. ये भारतीय क्रिकेट का चमकता सितारा बनने वाला है.”
हाल ही में अपना 15वां जन्मदिन मनाने वाले सूर्यवंशी ने तूफानी पारी खेलने के बाद कहा, ‘‘हमारी योजना पावरप्ले में बड़ा स्कोर खड़ा करने की थी, शुरुआत में विकेट थोड़ा धीमा था, लेकिन बाद में बल्लेबाजी आसान हो गई. कोचों ने मुझ पर भरोसा जताया है और कहा है कि अपने खेल पर कायम रहूं.'' उन्होंने साथी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की भूमिका की तारीफ करते हुए कहा कि इस भारतीय बल्लेबाज के मार्गदर्शन से उन्हें फायदा हुआ.15 साल के सूर्यवंशी ने कहा, ‘‘वह मुझे बड़े शॉट खेलने के लिए प्रेरित करते हैं और कहते हैं कि गेंद अच्छे से बल्ले पर आ रही है और उसी तरह खेलते रहो.'' राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने भी सूर्यवंशी की तारीफ की.
वैभव सूर्यवंशी ने 306 के स्ट्राइक रेट से 17 गेंदों पर 4 चौके और 5 छक्के लगाकर 52 रन बनाये. वैभव का स्ट्राइक रेट वैसे भी आईपीएल में 200 से ऊपर का रहा है. पिछले सीज़न 7 मैचों में उन्होंने 207 के स्ट्राइक रेट से 1 शतक और 1 अर्द्धशतक के सहारे 252 रन बनाये.














