- विराट कोहली आईपीएल 2026 से पहले बेंगलुरु पहुंचकर आरसीबी के साथ जुड़ गए हैं और पूरी तैयारी में हैं
- कोहली ने अपने संदेश में कहा कि वह आरसीबी की जर्सी में हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देते हैं
- विराट कोहली ने आईपीएल में 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं और सबसे ज्यादा आठ शतक लगाए हैं
Virat Kohli Big Message Ahead of IPL 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. आईपीएल 2026 के आगाज से पहले 'किंग' कोहली बेंगलुरु पहुंच चुके हैं और टीम के साथ जुड़ते ही उन्होंने अपने इरादे साफ कर दिए हैं. आरसीबी ने अपने आधिकारिक 'X' (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें विराट कोहली फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं.
'RCB की जर्सी में अपना सब कुछ झोंक देता हूं'
बेंगलुरु पहुंचने के बाद फैंस के नाम साझा किए गए संदेश में विराट कोहली ने जोश भरते हुए कहा, "मैं एक और चेज़ के लिए तैयार हूं. जब भी मैं RCB की जर्सी में होता हूं, तो मैं अपना सब कुछ झोंक देता हूं." कोहली का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे विपक्षी टीमों के खेमे में हलचल मचना तय है.
आंकड़ों के 'बादशाह' हैं किंग कोहली
विराट कोहली का आईपीएल करियर किसी मिसाल से कम नहीं है. अब तक खेले गए 267 मैचों में उन्होंने 39.54 की औसत से रिकॉर्ड 8,661 रन बनाए हैं. उनके नाम आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक 8 शतक दर्ज हैं. पिछले साल यानी आईपीएल 2025 में आरसीबी को पहली बार चैंपियन बनाने में विराट की भूमिका सबसे अहम रही थी. उन्होंने 15 मैचों में 54.75 की औसत से 657 रन कूटे थे, जिसमें 8 अर्धशतक शामिल थे.
खिताब बचाने की तैयारी
मौजूदा चैंपियन आरसीबी के लिए आईपीएल 2026 में अपनी बादशाहत बरकरार रखने की चुनौती है. विराट कोहली का जबरदस्त फॉर्म और उनका 'चेज़' करने का जज्बा टीम के लिए सबसे बड़ा प्लस पॉइंट है. आरसीबी अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ करेगी और कोहली का यह 'एलान-ए-जंग' बताता है कि वह एक बार फिर ऑरेंज कैप और ट्रॉफी की रेस में सबसे आगे रहने वाले हैं.
पिछले तीन IPL सीजन में कोहली का प्रदर्शन
2023: 639 रन (औसत 53.25)
2024: 741 रन (औसत 61.75)
2025: 657 रन (औसत 54.75)
उनके इस लगातार प्रदर्शन को देखते हुए माना जा रहा है कि 9000 रन का आंकड़ा पार करना उनके लिए मुश्किल नहीं होगा.
आरसीबी की सफलता में रही है बड़ी भूमिका
2025 सीजन में कोहली का प्रदर्शन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को चैंपियन बनाने में काफी अहम रहा था. 2008 से टीम का हिस्सा रहे कोहली ने 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं.
IPL में पहले से कई रिकॉर्ड विराट के नाम
कोहली पहले ही आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज़ हैं और 8000 रन का आंकड़ा छूने वाले इकलौते खिलाड़ी भी हैं. साथ ही, लीग में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है.














