MI vs KKR match proposal gone wrong : आईपीएल 2026 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस ने केकेआर को 6 विकेट से हरा दिया, मुंबई की जीत में रोहित शर्मा ने धमाका किया और 78 रन की पारी खेली, रोहित की पारी ने जहां फैन्स का खूब मनोरंजन किया तो वहीं दूसरी ओर मैच के दौरान एक ऐसा नजारा भी देखने को मिला जिसने फैन्स को हंसने पर मजबूर कर दिया. हुआ ये कि, लाइव मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में एक शख्स अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर रहा था लेकिन प्रपोज करने के क्रम में जैसे ही शख्स अपनी गर्लफ्रेंड के सामने घुटने पर बैठा और अंगूठी निकालकर पहनाने वाला था, तभी उसका बैलेंस बिगड़ा और उसके हाथ से अंगूठी छूट गई. हालांकि दूसरे लोगों ने अंगूठी खोजकर शख्स को दी, तब जाकर शख्स ने किसी तरह अपनी गर्लफ्रेंड को प्रपोज कर पाया केकेआर ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर शेयर किया है. फैन्स इस वीडियो को देखकर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं.
केकेआर और मुंबई के बीच खेले गए मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने अपने सफर का आगाज जीत के साथ किया . रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की धमाकेदार पारियों की बदौलत एमआई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया. रनों की बारिश के बीच एमआई की जीत में शार्दुल ठाकुर ने अपनी गेंदबाजी से अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता. शार्दुल ठाकुर ने 4 ओवर में 39 रन देकर फिन एलन, अजिंक्य रहाणे और कैमरुन ग्रीन के तीन अहम विकेट लिए.
रोहित की पारी ने जीता दिल
आईपीएल 2026 में पहला मैच खेल रहे हिट मैन ने अपनी पारी से फैन्स को झूमने का मौका दिया, रोहित ने 38 गेंद पर 78 रन की पारी खेली, अपनी पारी में रोहित ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए. रोहित ने 205 के स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाकर धमाका किया, मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने केवल 23 गेंद पर अर्धशतक जमाने का कमाल किया था.














