Bhuvneshwar Kumar Pin Point Yorker to Virat Kohli: 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले से आईपीएल 2026 की शुरुआत होनी है. आगामी सीजन से पहले गेंदबाजों की चोट ने टीम की चिंता बढ़ा रखी है. ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड पहले कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे. बाएं हाथ के भारतीय तेज गेंदबाज यश दयाल को लेकर भी अनिश्चितता है. ऐसे में आरसीबी का पूरा पेस अटैक भारतीय दिग्गज भुवनेश्वर कुमार के कंधों पर होगा. लेकिन ऐसा लगता है कि 36 वर्षीय खिलाड़ी इस काम को बखूबी अंजाम देने के लिए पूरी तरह से तैयार है. आरसीबी के प्रैक्टिस सेशन का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें भुवनेश्वर शानदार यॉर्कर से विराट कोहली को परेशान करते दिख रहे हैं. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सटीक दनदनाती यॉर्कर से कोहली पूरी तरह चकमा खा जाते हैं. इस दौरान उनका संतुलन भी बिगड़ जाता है.
बता दें, विराट कोहली और भुवनेश्वर कुमार, दोनों ने आरसीबी को 2025 में पहली बार आईपीएल खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. कोहली 15 पारियों में 657 रन के साथ टीम के टॉप रन-स्कोरर रहे. दूसरी ओर, भुवनेश्वर ने खराब शुरुआत से उबरते हुए 14 मैचों में 17 विकेट लिए. आईपीएल 2025 के लिए हुई खिलाड़ियों की नीलामी में आरसीबी ने भुवनेश्वर को 10.75 करोड़ रुपये में खरीदा था. भुवनेश्वर इस सीजन एक सलाहकार की भूमिका में भी दिख सकते हैं. रसिख सलाम डार और मंगेश यादव जैसे खिलाड़ियों को गाइड करने का जिम्मा भी भुवनेश्वर पर होगा, जिन्हें फ्रेंचाइजी ने बीते साल नीलामी में खरीदा था.
कोहली मेगा रिकॉर्ड के मुहाने पर
विराट कोहली अगर आईपीएल के आगामी सीजन में 339 रन और बना लेते हैं, तो उनके कुल रनों की संख्या 9,000 हो जाएगी और लीग के इतिहास में 9,000 रन बनाने वाले वह पहले बल्लेबाज बन जाएंगे. कोहली का पिछले तीन सीजन में औसत 53 से ऊपर रहा है. ऐसे में पूरी संभावना है कि आईपीएल 2026 में वह 9,000 रनों का आंकड़ा छू लेंगे. विराट ने साल 2023 में 53.25 की औसत से 639, 2024 में 61.75 की औसत से 741, और 2025 में 54.75 की औसत से 657 रन बनाए थे. कोहली के 2025 में किए गए प्रदर्शन का आरसीबी को चैंपियन बनाने में अहम योगदान रहा था.
2008 से आरसीबी के लिए खेल रहे विराट ने 267 मैचों में 39.55 की औसत और 132.86 की स्ट्राइक रेट से 8 शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए 8,661 रन बनाए हैं. विराट लीग में 8,000 रन पूरा करने वाले भी एकमात्र बल्लेबाज हैं. साथ ही, लीग में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड भी उनके नाम ही है. विराट अंतरराष्ट्रीय टी20 से संन्यास ले चुके हैं. ऐसे में इस फॉर्मेट में उन्हें देखने का एकमात्र जरिया आईपीएल है. इसलिए विराट के फैंस आईपीएल के शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: संजू सैमसन के निशाने पर होगा मेगा रिकॉर्ड, पोलार्ड, रसेल, वॉर्नर, डिविलियर्स छूट जाएंगे पीछे














