Vaibhav Suryavanshi World Record, RR vs LSG IPL 2026: क्रिकेट की दुनिया में जब कोई रिकॉर्ड टूटता है, तो सिर्फ आंकड़े बदलते हैं, लेकिन जब 15 साल का कोई लड़का बल्ला थामकर इतिहास बदल देता है, तो पूरी दुनिया हैरान रह जाती है. राजस्थान रॉयल्स के 'वंडर बॉय' वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान पर कुछ ऐसा ही करिश्मा कर दिखाया है. उन्होंने अपनी बल्लेबाज़ी से न सिर्फ टीम को जीत दिलाई, बल्कि एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे भविष्य में किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए तोड़ पाना नामुमकिन जैसा होगा.
वैभव ने लखनऊ के गेंदबाजों की उड़ाई धज्जियां
लखनऊ के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए वैभव ने महज 23 गेंदों में अपना तूफानी अर्धशतक पूरा किया. इस पारी के दौरान उन्होंने जैसे ही 14 रन बनाए तो वो दुनिया के किसी भी टी20 टूर्नामेंट में 500 रन बनाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए. इसके साथ ही आईपीएल के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है. वैभव अब 20 साल की उम्र पूरी करने से पहले आईपीएल के किसी एक सीजन में 500 रनों का जादुई आंकड़ा छूने वाले इकलौते और पहले बल्लेबाज़ बन गए हैं.
महज 15 साल की उम्र में कर दिया बड़ा कारनामा
महज 15 साल की उम्र में दुनिया के किसी भी टी20 टूर्नामेंट में 500 रनों का आंकड़ा पार करने वाले वैभव अब दूसरे सबसे युवा बल्लेबाज हैं. उनसे पहले यह बड़ा कीर्तिमान देवदत्त पडिक्कल के नाम दर्ज था. पडिक्कल ने साल 2019-20 की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में कर्नाटक के लिए खेलते हुए 19 साल की उम्र में 580 रन बनाए थे. लेकिन वैभव ने सिर्फ 15 साल की उम्र में इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंचकर सबको दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया है.
अगर आईपीएल के इतिहास को खंगालें, तो साल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए ऋषभ पंत ने एक सीजन में 684 रन जरूर कूटे थे, लेकिन जब पंत ने यह कारनामा किया था, तब उनकी उम्र 20 साल हो चुकी थी. इस लिहाज से देखें तो 20 साल से कम उम्र में आईपीएल के अंदर 500 रनों का पहाड़ खड़ा करने वाले वैभव सूर्यवंशी दुनिया के पहले और सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं.
आरआर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंची
राजस्थान रॉयल्स (RR) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 64वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 7 विकेट से शिकस्त दी. इसी के साथ रॉयल्स प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. इस जीत के साथ आरआर प्वाइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. इस टीम ने 13 में से 7 मैच अपने नाम किए हैं, जबकि 13 में से 9 मुकाबले गंवा चुकी एलएसजी पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर थी. अगर रॉयल्स की टीम 24 मई को मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत दर्ज करती है, तो यह टीम प्लेऑफ का अंतिम टिकट अपने नाम कर लेगी.
'करो या मरो' के मुकाबले में विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स ने 19.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली. इस टीम को यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 39 गेंदों में 75 रन की साझेदारी की. जायसवाल 23 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सूर्यवंशी ने ध्रुव जुरेल के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 105 रन जुटाते हुए टीम को 180 के स्कोर तक पहुंचाया.
सूर्यवंशी 38 गेंदों में 10 छक्कों और 7 चौकों के साथ 93 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे. यहां से ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला, जिन्होंने 38 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 53 रन की नाबाद पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा 10 गेंदों में 16 रन बनाकर नाबाद रहे. विपक्षी खेमे से आकाश महाराज सिंह और मोहसिन खान ने 1-1 विकेट अपने नाम किया.














