Vaibhav Suryavanshi; RR vs CSK IPL 2026: आईपीएल 2026 में आज गुवाहाटी का मैदान एक खास मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है, जहां राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी. लेकिन इस मैच की असली चर्चा एक ही नाम के इर्द-गिर्द घूम रही है वो है वैभव सूर्यवंशी. वैभव ने बेहद कम उम्र में आईपीएल डेब्यू कर क्रिकेट जगत को चौंका दिया था. उनका निडर अंदाज और बड़े शॉट्स खेलने की काबिलियत उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है. वैभव खुद भी कई बार कह चुके हैं कि वह मैदान पर सिर्फ अपना नैचुरल खेल खेलना पसंद करते हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है.
पिछले सीजन में CSK के खिलाफ धमाकेदार पारी
आईपीएल 2025 में चेन्नई के खिलाफ खेली गई उनकी एकमात्र पारी आज भी फैंस को याद है. वैभव ने चेन्नई के खिलाफ धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 57 रन की पारी खेली थी जिसमे 4 चौके और 4 छक्के शामिल थे. उस मुकाबले में उन्होंने संजू सैमसन के साथ मिलकर 98 रनों की शानदार साझेदारी की थी और राजस्थान को 6 विकेट से जीत दिलाई थी. उस दिन वैभव का आत्मविश्वास और आक्रामक बल्लेबाजी साफ दिखी थी.
अब सामने होंगे संजू सैमसन
इस बार कहानी में बड़ा ट्विस्ट है. संजू सैमसन अब चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं और आज वैभव के खिलाफ रणनीति बनाते नजर आएंगे. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ दो टीमों के बीच नहीं, बल्कि दो पुराने साथियों के बीच भी दिलचस्प जंग बन गया है.
वैभव सूर्यवंशी का फॉर्म और आत्मविश्वास दोनों जबरदस्त
वैभव हाल ही में अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा है. गुवाहाटी में प्रैक्टिस के दौरान भी उन्होंने जिस तरह के बड़े शॉट्स लगाए हैं, उससे साफ है कि वह लय में हैं और बड़ी पारी खेलने के लिए तैयार हैं.
आज फिर धमाल कर सकते हैं वैभव सूर्यवंशी
पिछले सीजन के प्रदर्शन और मौजूदा फॉर्म को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि वैभव सूर्यवंशी आज भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आएंगे. अगर वह शुरुआत में टिक गए, तो CSK के गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना बेहद मुश्किल हो सकता है. पावरप्ले में ही मैच का रुख बदलने की काबिलियत उनमें साफ दिखती है.














