वैभव सूर्यवंशी बनाम अभिषेक शर्मा, IPL डेब्यू मैच में दोनों ने मचाया था तहलका, आंकड़े दे रहे गवाही

Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma: वैभव सूर्यवंशी ने अपने IPL डेब्यू सीजन में 7 मैचों में 206.55 का स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma IPL:

Vaibhav Suryavanshi vs Abhishek Sharma: आईपीएल का मंच हमेशा से खिलाड़ियों को रातों-रात सुपरस्टार बनाने के लिए जाना जाता है. लेकिन जब कोई 14 साल का बच्चा दुनिया के सबसे बड़े गेंदबाजों के सामने खड़ा होकर पहली ही गेंद पर छक्का जड़ दे, तो समझ जाइये कि क्रिकेट जगत में किसी 'खास' का आगमन हो चुका है. हम बात कर रहे हैं राजस्थान रॉयल्स के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की, जो अपने खेल से भविष्य के 'अभिषेक शर्मा' बनते दिख रहे हैं. 19 अप्रैल 2025 का दिन आईपीएल इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा. महज 14 साल और 23 दिन की उम्र में जब वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैदान पर कदम रखा, तो उन्होंने सबसे कम उम्र में डेब्यू का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. लेकिन धमाका तब हुआ जब उन्होंने अपने आईपीएल करियर की पहली ही गेंद को सीमा रेखा के पार छक्के के लिए भेज दिया. 

आंकड़े दे रहे हैं गवाही

वैभव सूर्यवंशी ने अपने आईपीएल डेब्यू मैच में लखनऊ के खिलाफ 20 गेंदों में 34 रनों की पारी खेली थी. उन्होंने अपने पहले सीजन में 7 मैचों में 206.55 का स्ट्राइक रेट से 252 रन बनाए थे. ये आंकड़े किसी मंझे हुए खिलाड़ी के लिए भी सपना होते हैं. 26 छक्के और 18 चौके यह बताने के लिए काफी हैं कि इस बाएं हाथ के बल्लेबाज के पास गेंदबाजों को डराने की पूरी काबिलियत है.

अभिषेक शर्मा ने भी कम उम्र में डेब्यू का बनाया था रिकॉर्ड

वैभव से पहले अभिषेक शर्मा ने साल 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए अपना डेब्यू किया था. तब अभिषेक की उम्र महज 17 साल और 251 दिन थी. रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ अपनी पहली ही पारी में उन्होंने 19 गेंदों में 46 रनों की नाबाद पारी खेलकर सबको हैरान कर दिया था. उस सीजन में अभिषेक का स्ट्राइक रेट भी 190.91 का रहा था, जो उनकी आक्रामक शैली की गवाही देता है. अभिषेक शर्मा ने अब तक अपने आईपीएल करियर में कुल 77 मैचों की 74 पारियों में 1816 रन बनाये हैं इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 163 का रहा है और औसत 27 के आस-पास का रहा है.

क्या वैभव बनेंगे भविष्य के अभिषेक शर्मा?

अभिषेक शर्मा आज भारतीय क्रिकेट और आईपीएल के सबसे विस्फोटक ओपनर्स में गिने जाते हैं. वैभव सूर्यवंशी का खेल भी बिल्कुल उसी रास्ते पर दिख रहा है. दोनों बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और दोनों की बल्लेबाजी का मूल मंत्र 'आक्रमण' है. जिस तरह अभिषेक ने छोटी उम्र में शुरुआत कर आज अपना लोहा मनवाया, वैभव के आंकड़े और उनका निडर अंदाज यह इशारा कर रहे हैं कि वह भविष्य के 'अभिषेक शर्मा' साबित हो सकते हैं.

Advertisement

बाएं हाथ का तालमेल और पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर हावी होने की कला, वैभव को आने वाले समय में सबसे बड़ा 'एक्स-फैक्टर' बना सकती है. राजस्थान रॉयल्स ने इस हीरे को तराशा है और उम्मीद है कि 2026 में वैभव का बल्ला और भी ज्यादा आग उगलेगा.

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: जंग में ईरान को एक और बड़ा झटका, इमाम हुसैन डिवीजन के कमांडर की मौत | BREAKING NEWS