एसीसी मेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में मंगलवार को वैभव सूर्यवंशी के तूफानी दोहरे शतक की मदद से भारत-ए ने यूएई के खिलाफ 7 विकेट से दमदार जीत हासिल की. इसी के साथ भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है. भारत ने महज 14.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली. वैभव 53 गेंदों में 28 छक्कों और 7 चौकों के साथ 204 रन बनाकर आउट हुए. इस दौरान सिर्फ 28 गेंदों में सेंचुरी लगाई, जो लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड रहा. वैभव ने 40 गेंदों में 150 रन पूरे किए, जबकि 52 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा.
मैच के बाद प्लेयर ऑफ द मैच बने वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि पिछले दो मैचों में उन्हें अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे. इसी वजह से यूएई के खिलाफ उनकी योजना शुरुआत में थोड़ा समय लेने की थी. हालांकि कुछ गेंदें खेलने के बाद उन्हें एहसास हो गया कि पिच से गेंदबाजों को ज्यादा मदद नहीं मिल रही है. ऐसे में उन्होंने अपनी स्वाभाविक बल्लेबाजी पर भरोसा किया और खुलकर शॉट खेलने शुरू कर दिए.
वैभव ने बताया कि बल्लेबाजी के दौरान उनके दिमाग में कोई खास रिकॉर्ड या उपलब्धि नहीं थी. उनका पूरा ध्यान सिर्फ परिस्थिति के हिसाब से खेलने पर था. उन्होंने कहा कि अगर पिच गेंदबाजों के लिए मददगार होती तो वह टिककर लंबी पारी खेलने की कोशिश करते, लेकिन विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी और गेंद बल्ले पर आसानी से आ रही थी. ऐसे में उन्होंने अपने खेल पर भरोसा किया और उसी अंदाज में बल्लेबाजी की.
वैभव ने कहा कि मैच से पहले उनकी सोच भी सामान्य ही थी. उनका लक्ष्य क्रीज पर टिककर बड़ी पारी खेलने का था. उन्होंने कहा कि अगर शुरुआत में मैच उनके नियंत्रण में नहीं होता तो वह धैर्य रखते, लेकिन उन्हें जल्द ही स्थिति पर पकड़ बनाने का मौका मिल गया. इसके बाद उन्होंने अपनी शर्तों पर बल्लेबाजी की और विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाया.
बिहार की कप्तानी के अनुभव पर बात करते हुए वैभव ने कहा कि टीम की अगुआई करना उनके लिए काफी सुखद अनुभव रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि बिहार की टीम आगे भी इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी. साथ ही उन्होंने कहा कि इस टीम में मौजूद वरिष्ठ खिलाड़ियों के साथ वह लंबे समय से खेलते आ रहे हैं, इसलिए उनके साथ काफी सहज महसूस करते हैं. वैभव के मुताबिक टीम का माहौल खुला है, खिलाड़ी अपने सुझाव खुलकर देते हैं और वह सभी की बातें ध्यान से सुनते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं