- IPL 2026 में रन रेट 9.84 है और बल्लेबाज पूरी तरह हावी हैं.
- 32 अर्धशतक बने लेकिन एक भी शतक नहीं आया.
- वैभव 11 छक्के के साथ समीर रिजवी के साथ सबसे अधिक सिक्स जमाने वाले बैटर.
IPL 2026 में 15 मैच खेला जा चुका है और अब तक यह पूरी तरह से बल्लेबाजों के नाम रहा है. हर ओवर में 9.84 रन बटोरे जा रहे हैं. 458 चौके और 248 छक्के बरस चुके हैं लेकिन 32 अर्धशतक देख चुके इस आईपीएल को अब भी पहले शतकवीर का इंतजार है. कई बल्लेबाज विकेट पर जमे पर धूम मच रही है वैभव सूर्यवंशी की, जो 248.98 के स्ट्राइक रेट से 11 दमदार छक्के जमा कर रन बटोर रहे हैं. लेकिन ऑरेंज कैप की रेस में 122 रन के साथ वैभव अपनी साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल से कतार में काफी पीछे हैं.
ऑरेंज कैप सजाए यशस्वी जायसवाल न केवल टीम को लगातार अच्छी शुरुआत दे रहे हैं बल्कि उनके बल्ले से 170 रन निकल चुके हैं. वैभव ने भी यशस्वी की तरह तीन मैच खेले हैं और भले ही उनकी स्ट्राइक रेट 163.46 की है, पर केवल एक मैच में ही आउट हुए हैं और 170 की औसत के साथ टूर्नामेंट के किसी भी बल्लेबाज से कहीं आगे हैं. 108 की औसत के साथ दूसरे पायदान पर कूपर कोनोली हैं. वहीं वैभव 40.67 की औसत के साथ इस रेस में बहुत दूर 16वें पोजिशन पर मौजूद हैं.
इतना ही नहीं, जायसवाल ऑरेंज कैप लीडर्स बोर्ड पर नंबर-1 पर हैं तो वैभव छठे पायदान पर, इन दोनों के बीच चार क्रिकेटर बहुत कम रनों के अंतर से मौजूद हैं. वैभव सूर्यवंशी (122 रन) से केवल दो रन आगे अजिंक्य रहाणे (124) हैं, तो चौथे पर हेनरिच क्लासेन (145 रन), तीसरे पर अंगकृष रघुवंशी (155 रन), और दूसरे पायदान पर 23 वर्षीय समीर रिजवी 160 रन के साथ मौजूद हैं. यानी रिजवी इस समय ऑरेंज कैप से केवल 10 रनों की दूरी पर मौजूद हैं.
Photo Credit: BCCI
6s में वैभव के साथ रिजवी टॉप पर
अगर गगनचुंबी छक्के की बात करें तो वैभव यहां समीर रिजवी के साथ टॉप पर हैं. दोनों ने अब तक एक समान 11 सिक्स जमाए हैं. वहीं 19 चौकों के साथ ऑन द गो 4s ऑफ द सीजन की रेस में यशस्वी जायसवाल सबसे आगे हैं.
6 में RCB, 4 में KKR आगे
सबसे अधिक छक्के जमाने वाली टीम बेंगलुरु की है, जिसके बल्लेबाजों ने 32 सिक्स लगाए हैं. वहीं केकेआर 57 चौके के साथ सबसे अधिक 4 जमाने वाली टीम है.
सीजन में अब तक 458 चौके और 248 छक्के लगे हैं. यानी कुल 706 बाउंड्री से 3320 रन बने हैं, जो कुल रनों का 64.9 प्रतिशत है. छक्कों का योगदान 29.1 प्रतिशत, चौकों का 35.8 प्रतिशत और दौड़कर बनाए गए रन 35.1 प्रतिशत हैं.
अब तक पावरप्ले में 1,639 रन बने हैं, जो बताता है कि टीमें शुरुआत से ही आक्रामक खेल रही हैं. जबकि आखिरी पांच ओवरों में 1,515 रन और अंतिम तीन ओवरों में 920 रन बने हैं.
Photo Credit: PTI
शतकवीर नहीं, जमाए गए 32 अर्धशतक
यशस्वी जायसवाल के साथ-साथ देवदत्त पड्डिकल, समीर रिजवी, क्लासेन और रघुवंशी 2-2 अर्धशतक जमा चुके हैं. 15 मैच खेले जा चुके है, 32 अर्धशतक भी जमाए जा चुके हैं पर सीजन में एक भी शतक अब तक नहीं लग सका है. सबसे बड़ा स्कोर केएल राहुल के नाम है, जिन्होंने गुजरात के खिलाफ 8 अप्रैल को 92 रनों की नायाब पारी खेली थी. बात वैभव की करें तो उनके बल्ले से भी एक अर्धशतक (52 रन) निकला है.
पर्पल कैप की रेस
गेंदबाजों को विकेट चटकाने के लिए इतनी मशक्कत करनी पड़ रही है कि अब तक 300 में से महज 177 विकेट ही लिए जा सके हैं. पर्पल कैप की रेस में सबसे आगे 8 विकेट के साथ रवि बिश्नोई चल रहे हैं तो प्रसिद्ध कृष्णा दो विकेट दूर दूसरे पायदान पर उनके पीछे मौजूद हैं. सबसे बेहतरीन गेंदबाजी भी रवि बिश्नोई की रही, जिन्होंने 4 विकेट 39 रन देकर लिए. इस सीजन अब तक 12 बार तीन विकेट लिए गए हैं, लेकिन एक भी पांच विकेट हॉल नहीं आया.
हजार से अधिक डॉट बॉल
गेंदबाजों के लिए यह सीजन आसान नहीं रहा. कुल 3,118 गेंदों में 1,083 डॉट बॉल डाली गई हैं, यानी डॉट बॉल प्रतिशत 34.7 है. 153 वाइड और 13 नो बॉल भी डाली गई हैं. केवल 13 फ्री हिट मिलीं, जिन पर 18 रन बने. सबसे ज्यादा 27 विकेट राजस्थान ने चटकाए हैं तो गुजरात 21 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर है. वहीं केवल 10 विकेट के साथ चेन्नई सुपर किंग्स आखिरी पायदान पर है.
Photo Credit: BCCI
30 कैच ड्राप हुए, 17 बैटर जीरो पर आउट
कुल 176 विकेटों में से 136 कैच आउट हुए हैं, यानी 77.27 प्रतिशत विकेट कैच से गिरे हैं. 166 कैच लिए गए हैं, जबकि 30 कैच छोड़े गए. 17 बल्लेबाज बिना खाता खोले आउट हुए हैं. केवल 2 स्टंपिंग हुई हैं और पूरे टूर्नामेंट में अब तक सिर्फ 1 ही मेडन ओवर देखने को मिला है, जिसे लखनऊ के गेंदबाज मोहसिन खान ने डाला है.
अब तक 15 मैचों के बाद राजस्थान, पंजाब और बेंगलुरु ने एक भी मैच नहीं गंवाए हैं तो कोलकाता और चेन्नई की जीत का खाता अब तक नहीं खुला है. मजेदार यह है कि टूर्नामेंट में अब तक 5115 रन बन चुके हैं और सबसे अधिक 583 रन बनाने वाली हैदराबाद की टीम है, जिसने केवल एक मैच जीते हैं. तो सबसे अधिक कोलकाता के गेंदबाजों ने 632 रन लुटाए हैं.
ये भी पढ़ें: IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?














