वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन से घबराए यशस्वी जायसवाल! सहवाग-चोपड़ा का जिक्र कर अश्विन ने कही बड़ी बात

रविचंद्रन अश्विन को लगता है कि वैभव सूर्यवंशी जिस तरह से खेल रहे हैं, उससे जायसवाल पर निगेटिव इम्पैक्ट होगा. इसके लिए उन्होंने सहवाग और आकाश चोपड़ा भी उदाहरण दिया.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
Ravichandra Ashwin on Vaibhav Sooryavanshi and Yashasvi Jaiswal

राजस्थान रॉयल्स को 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के रूप में एक नया पोस्टर बॉय मिल गया है. वैभव हर मैच में कोई ना कोई रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं. लेकिन पूर्व भारतीय दिग्गज रविचंद्रन अश्विन को लगता है कि इस 15 साल के इस खिलाड़ी के आगे बढ़ने से उनके जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल पर निगेटिव इम्पैक्ट हो सकता है. रविवार को राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने वाली चौथी और आखिरी टीम बनी है. उन्होंने मुंबई को उसके होम ग्राउंड पर हराया. राजस्थान अब एलिमिनेटर में हैदराबाद का सामना करेगी. राजस्थान के लिए इस सीजन लीग स्टेज में वैभव सूर्यवंशी ने अधिक योदान दिया और वो जायसवाल से काफी आगे निकल गए हैं. अश्विन को लगता है कि वैभव को लेकर बनी हाइप ने इस साल जायसवाल के खराब प्रदर्शन में बड़ी भूमिका निभाई है.

'वैभव के प्रदर्शन से घबराए जायसवाल'

वानखेड़े स्टेडियम में राजस्थान की जीत के बाद अपने यू-ट्यूब पर एक मैच की समीक्षा करते हुए एक वीडियो में रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि वह इस साल जायसवाल के खेलने के तरीके से हैरान हैं. उन्हें लगता है कि पिच के दूसरे छोर से उनके ओपनिंग पार्टनर के तौर पर सूर्यवंशी ने जो धमाकेदार प्रदर्शन किया है, उसने भी इसमें अहम भूमिका निभाई है. अश्विन ने कहा,"मैं राजस्थान रॉयल्स टीम में यशस्वी जायसवाल के प्रदर्शन से थोड़ा हैरान हूं. मैं थोड़ा हैरान हूं इसलिए हूं क्योंकि मुझे उनसे बहुत उम्मीदें थीं. मुझे उनसे बहुत उम्मीदें हैं. लेकिन मुझे बस थोड़ा सा लग रहा है कि वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन ने शायद जायसवाल को थोड़ा हिला दिया है. इससे वह घबरा गए हैं."

सहवाग के सामने गायब हुए थे आकाश चोपड़ा

अश्विन ने सूर्यवंशी-जायसवाल की स्थिति की तुलना भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट में वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की स्थिति से की. उन्होंने कहा, "अगर आपको टेस्ट मैचों में वीरेंद्र सहवाग और आकाश चोपड़ा की ओपनिंग जोड़ी याद है, तो आकाश चोपड़ा बहुत अच्छा खेलते थे, 30 या 40 रन की अच्छी शुरुआत देते थे. लेकिन जिस स्टाइल और तरीके से वीरेंद्र सहवाग बैटिंग करते थे, उससे आकाश चोपड़ा लगभग गायब से लगते थे."

अश्विन ने आगे कहा,"सिर्फ सहवाग ने ही नहीं बल्कि आकाश चोपड़ा ने उस ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर भी बहुत अच्छा काम किया था. लेकिन मुझे बस ऐसा लग रहा है कि वैभव सूर्यवंशी की यहां ज़बरदस्त बैटिंग की वजह से जायसवाल थोड़ा परेशान हो गए हैं. कई मैचों में, जायसवाल गेंद को बहुत ज़ोर से मारने की कोशिश में आउट हो गए."

Advertisement

जायसवाल को सपोर्ट की जरूरत

अश्विन ने कहा,"मैं यशस्वी जायसवाल को अच्छी बैटिंग करते देखना चाहता हूं क्योंकि उनमें काबिलियत है. लेकिन इस बार, राजस्थान रॉयल्स की कहानी वैभव सूर्यवंशी के बारे में रही है, और जिस दिन जोफ्रा आर्चर की ज़रूरत थी, उन्होंने भी अच्छा खेला. लेकिन इन सबके बावजूद, मुंबई इंडियंस इस सीज़न में बहुत, बहुत, बहुत, बहुत निराशाजनक रही है. यह स्कोर हासिल किया जा सकता था."

यशस्वी जायसवाल के बारे में आगे बात करते हुए अश्विन ने कहा कि बाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज को थोड़े सपोर्ट की जरूरत है क्योंकि उन्हें लगता है कि 'सबसे रोमांचक बैटर' का टैग उनसे छीनकर राजस्थान में उनके ओपनिंग पार्टनर सूर्यवंशी को दिया जा रहा है.

Advertisement

अश्विन ने आगे कहा,"2024 में, जब हमने वर्ल्ड कप जीता था, तब यशस्वी जायसवाल बैकअप ओपनर थे. पिछले दो या तीन सालों में, क्या हुआ? यशस्वी जायसवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए ऑरेंज कैप जीती और टेस्ट क्रिकेट में शानदार डेब्यू किया. टेस्ट क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बिल्कुल अलग है. ODI क्रिकेट में, उन्होंने अपने आखिरी मैच में सेंचुरी बनाई थी. पिछले दो या तीन सालों से, यशस्वी जायसवाल भारत के सबसे भरोसेमंद, रोमांचक और एंटरटेनिंग बैट्समैन रहे हैं."

किसी को करनी होगी जायसवाल से बात

पूर्व स्पिनर ने जायसवाल पर वैभव के प्रेशर को लेकर कहा,"अब, मैं सोच रहा हूं, अगर यशस्वी जायसवाल जैसा कोई खिलाड़ी इस उम्र में भारत के लिए खेलता है, तो वे एक अलग मोमेंटम पर काम करते हैं. उनका दिमाग सिर्फ इस बात पर फोकस करेगा कि कैसे बेहतरीन बनें, कैसे और रिकॉर्ड तोड़ें, और कैसे ज़्यादा मेहनत करें. ये बातें उनके दिमाग में रहेंगी. और यशस्वी माने या न माने, या राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ माने या न माने, यशस्वी जायसवाल पिछले दो या तीन सालों से चर्चा में थे. अचानक, राजस्थान रॉयल्स के पोस्टर बॉय के ठीक सामने, एक और पोस्टर बॉय है जिसकी काबिलियत दुनिया के क्रिकेट को उलट-पुलट कर रही है."

अश्विन ने आगे कहा कि किसी को जायसवाल से बात करनी होगी और उनके कंधों पर हाथ रखना होगा. अश्विन ने कहा,"मेरा मतलब है, हमें वैभव सूर्यवंशी को क्रेडिट देना चाहिए, लेकिन हमें यशस्वी जायसवाल के लिए भी हमदर्दी रखनी चाहिए. देखिए, यह आसान नहीं है. किसी को जायसवाल के कंधे पर हाथ रखकर उनसे बात करनी चाहिए."

जायसवाल को लेकर अश्विन ने कहा,"मैं यह बहुत चाहूंगा क्योंकि इस सीज़न से पहले यशस्वी के दिमाग में क्या चल रहा होगा? उसने शायद सोचा होगा, 'मैं लगातार रन बनाऊंगा, ऑरेंज कैप लूंगा, अच्छे स्ट्राइक रेट से खेलूंगा, और इंडिया की T20 टीम में अपनी जगह पक्की करूंगा.' उसके दिमाग में यही चल रहा होगा, है ना? लेकिन वैभव सूर्यवंशी आए और लगभग बाकी सबको साइडलाइन कर दिया. वह हर चर्चा में सबसे आगे रहते हैं. यह आसान नहीं है. इसलिए, मुझे लगता है कि टीम में मदद के लिए कोई मेंटरशिप या साइकोलॉजिस्ट होना चाहिए. यह निश्चित रूप से आसान नहीं है.

Advertisement

यह भी पढ़ें: 'टीम थोड़ी अजीब लगी, अगले साल भी होगी मुश्किल' मुंबई इंडियंस के खराब सीजन के बाद अश्विन ने कही ये बात

यह भी पढ़ें: केएल राहुल का बड़ा कारनामा, अर्द्धशतक जड़कर की रोहित के सुपर रिकॉर्ड की बराबरी, ऋषभ पंत भी निशाने पर

Advertisement
Featured Video Of The Day
Pakistan Train Blast: पाक सैनिकों से भरी ट्रेन में BLA का हमला, 24 लोगों की मौत | Breaking News