कोनो बोलतई रे... कोलंबो में भारत ने पाकिस्तान को रौंदा, बिहार में चौक पर चल रही 'फैंस कमेंट्री' दिल जीत लेगी

इस दौरान राम प्रवेश चाचा का एक्सपर्ट कमेंट आया. उन्होंने कहा- पाकिस्तान ने स्पिनर से शुरुआत कराई. 20 में से 18 ओवर में स्पिनर से कराए. लेकिन भारत ने अपने तरीके से क्रिकेट खेला. कोई बड़ा बदलाव नहीं. अपनी स्किल और दम पर भारत ने पाकिस्तान को पीट दिया.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
पाकिस्तान ओपनर के आउट होने के बाद जश्न मनाते हार्दिक और ईशान.
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • ICC T-20 वर्ल्ड कप में कोलंबो में खेले गए मैच में भारत ने पाकिस्तान को करारी शिकस्त दी.
  • भारतीय बल्लेबाज ईशान ने 40 गेंदों में 77 रन बनाए, जिनके हर शॉट पर गांव के लोग जोरदार उत्साह दिखाते रहे.
  • भारत ने 20 ओवर में 175 रन बनाए, जबकि पाकिस्तान की पूरी टीम 18 ओवर में 114 रन बनाकर ऑल आउट हो गई.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

Ind Vs Pak T-20 WC: कोनो बोलतई रे (कोई बोलेगा जी) से शुरू हुई भारतीय क्रिकेट फैंस की कमेंट्री 'बार-बार पाकिस्तान की हार' पर थमी. रविवार को महाशिवरात्रि के दिन भोलनाथ की पूजा-अर्चना के बाद शाम में लोगों की चौकरी जमी थी TV के सामने. जिस पर भारत-पाकिस्तान के खेले जा कोलंबो में खेले जा रहे टी-20 वर्ल्ड कप के महामुकाबले का लाइव प्रसारण हो रहा था. शाम 7 बजे से जैसे ही मैच शुरू हुआ, 8-10 लोग मंटू की दुकान के सामने खड़े हो गए थे. मंटू नाई हैं, उनके एक सामान्य से दुकान में एक बड़ी टीवी है. जिसपर भारत-पाक का मैच चल रहा था. शाम 7 बजे से रात के साढ़े 10 बजे तक मंटू की दुकानदारी तो एक रुपए की नहीं हुई लेकिन किक्रेट की चकल्लस पर चर्चा खूब हुई. 

मंटू की दुकान पर गांव के बाहर चौक पर है. जहां जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ा लोगों भीड़ बढ़ती ही गई. कोई बाजार से लौटा, कोई चौक से कुछ सामान लेकर घर जा रहा था, लेकिन सामने भारत-पाक मैच चलता देख मंटू की दुकान पर ही रुक गए. भारत की बल्लेबाजी से जीत तक राम प्रवेश चाचा कुर्सी पर ऐसे जमे, जैसे उन्हें खुद के दुकान की दुकानदारी की कोई चिंता ही नहीं हो. ग्राहक आए-जाए कोई मतलब नहीं, मैच का आनंद कम नहीं होना चाहिए.

जब भारतीय बल्लेबाजी के पहले ही ओवर में अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले आउट हुए तो सबके मुंह से एक साथ आह निकल गई. लेकिन इसके बाद ईशान ने जैसी बल्लेबाजी की, उसने बच्चे से लेकर बुढ़े तक में जोश भर दिया. दीपक, कन्हैया, रोहित, मनीष, अर्जुन जैसे गांव के क्रिकेटर ईशान के हर शॉट पर यही बोलते दिखे- कऊनो बोलतई रे...

अभिषेक के आउट होने के बाद ईशान ने महज 40 गेंदों में 10 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के की मदद से धुआंधार 77 रन ठोक डाले.  इस दौरान ईशान के हर चौके-छक्के पर लोगों की ताली, सीटी से मंटू की दुकान के साथ-साथ पूरा चौक गूंजता रहा. ईशान की बल्लेबाजी पर लोगों के इस जोश के पीछे की बड़ी वजह ईशान का बिहार होना और पाकिस्तान के सामने उनकी ताबततोड़ बल्लेबाजी रही. 

Advertisement

ईशान के आउट होने के बाद भारत का रन फ्लो भी कम हुआ और मंटू की दुकान पर खड़े लोगों का शोर भी. पाकिस्तानी फिरकी गेंदबाजों की तमाम कोशिशों के बावजूद भारतीय बल्लेबाज 20 ओवर में 175 रनों का स्कोर खड़ा करने में सफल रहे. 

भारत की पारी समाप्त होना इंटरवल जैसा रहा. मंटू की दुकान पर खड़े दर्जनों लोग हल्का हो लिए. कई लोग इसके बाद गांव निकल गए, तो कई जोगिंदर की दुकान से चाय पीने के बाद शर्मा जी का पान खाकर फिर दुकान के सामने जम गए. इस दौरान चर्चा यही हो रही थी कि पिच खतरनाक है, भारत ने बढ़िया स्कोर बनाया है, जीत भारत की जरूर होगी. 

Advertisement

176 रनों का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम को पहले ही ओवर में हार्दिक ने पहला झटका दिया. इसके बाद दूसरे ओवर में जब बुमराह ने दो झटके दिए तो मंटू की दुकान पर खड़े लोग खुशियों से झूम उठे. इसके बाद एक के बाद एक पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाज आउट होते गए. इस दौरान राम प्रवेश चाचा का एक्सपर्ट कमेंट आया. उन्होंने कहा- पाकिस्तान ने स्पिनर से शुरुआत कराई. 20 में से 18 ओवर में स्पिनर से कराए. लेकिन भारत ने अपने तरीके से क्रिकेट खेला. कोई बड़ा बदलाव नहीं. अपनी स्किल और दम पर भारत ने पाकिस्तान को पीट दिया. 

यह भी पढ़ें - भारतीय धुरंधरों का जोरदार वार, कोलंबो में पाकिस्तान तार-तार, पड़ोसियों को 61 रन से रौंदा, मैच रिपोर्ट

Featured Video Of The Day
Netanyahu Threatens Iran: नए Supreme Leader को मौत की धमकी, मारे गए परमाणु वैज्ञानिक! Israel War