- बांग्लादेश ने KKR से मुस्तफिजुर हटाए जाने के विरोध में टी-20 विश्व कप से बाहर होने का राजनीतिक निर्णय लिया था
- ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को खेलने का न्योता दिया और बांग्लादेश पर जुर्माना नहीं लगाया गया
- पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच न खेलने की धमकी दी, लेकिन आईसीसी के दबाव और भारी जुर्माने के बाद यू-टर्न लिया
Pakistan India T20 World Cup boycott U turn: आईसीसी टी-20 विश्व कप चैंपियनशिप में नहीं खेलने का सबसे पहले बांग्लादेश ने फैसला लिया था. बांग्लादेश इस बात को लेकर सवाल उठा रहा था कि आईपीएल टीम KKR में उसके खिलाड़ी मुस्तफिजुर को चुनने के बाद क्यों हटाया गया? बांग्लादेश का यह निर्णय पूरी तरह से राजनीतिक था. वहां पर आम चुनाव होने हैं. बांग्लादेश का राजनैतिक परिदृश्य भी बदला हुआ है. आईसीसी ने बांग्लादेश को कई विकल्प दिए मगर बात नहीं बनी और बांग्लादेश विश्व कप से बाहर हो गया.
पाकिस्तान ने चली चाल
ICC ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को विश्व कप में खेलने का न्योता दिया. ऐसा पहले भी हो चुका है. इसलिए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पर कोई जुर्माना नहीं लगाया गया. मगर असली कहानी शुरू होती है इसके बाद. पाकिस्तान को लगा कि यही मौका है क्रिकेट जगत में भारत को टक्कर देने का. पाकिस्तान और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के बीच बातचीत शुरू हो गई बांग्लादेश को भी लगा कि अच्छा है पाकिस्तान उसके लिए फ़ील्डिंग करे. मगर भारत भी इस मुद्दे पर अड़ा रहा है और यहां पर आईसीसी की भूमिका महत्वपूर्ण हो गई.
जुर्माने के डर से डर गया पाकिस्तान
जब पाकिस्तान ने यह कहा कि वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगा तो आईसीसी ने उस पर दबाव बनाना शुरू किया. बात पैसों पर आ गई. पाकिस्तान पर हजारों करोड़ का जुर्माना लगाने की बात हुई. इस जुर्माने की वजह से पाकिस्तान बोर्ड और सरकार टूट गई. इसके बाद पाकिस्तान का ICC के सामने सरेंडर करने के सिवाय कोई चारा नहीं था. पाकिस्तान ने फिर सौदेबाजी करनी शुरू की. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष पाकिस्तान पहुंचते हैं और फिर पाकिस्तान के तरफ से कुछ डिमांड आती है.
पाकिस्तान ने चला कई दांव
पाकिस्तान चाहता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच की सीरीज रखी जाए. ये मांग नहीं मानी गई. फिर पाकिस्तान ने कहा कि भारत,पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच एक सीरीज हो. इसे भी आईसीसी ने ठुकरा दिया. फिर ये कहा गया कि भारत बांग्लादेश का दौरा करे. ICC ने इसके लिए भी मना कर दिया. इस सौदे में इतना जरूर हुआ कि बांग्लादेश को 2028 और 2031 के बीच एक आईसीसी टूर्नामेंट की मेजबानी का मौका दिया जाएगा. अब ये कहा जा रहा है कि बांग्लादेश को अंडर 19 पुरुष विश्वकप की मेजबानी मिल सकती है.
बांग्लादेश तो फंस गया
अभी तक जो पाकिस्तान विश्व कप में भारत से मैच नहीं खेलने की धमकी दे रहा था उसी ने अंतिम में यू-टर्न मार लिया. पाकिस्तान 15 फरवरी को भारत से खेलने के लिए राजी हो गया. पाकिस्तान के यू-टर्न के बाद बांग्लादेश मझधार में फंस गया. इस दांव में बांग्लादेश चारो खाने चित हो गया. उसके खिलाड़ी को IPL में खेलने का मौका नहीं मिला. बांग्लादेश विश्व कप से बाहर हो गया. ले देकर बांग्लादेश को एक टूर्नामेंट की मेजबानी का भरोसा मिला है, जो चार साल बाद होगा. पाकिस्तान ने बांग्लादेश को आगे करके जो खेल खेला उसमें सबसे ज्यादा घाटे में आखिरकार बांग्लादेश ही रहा.
ये भी पढ़ें- बांग्लादेश तो बहाना है, पाकिस्तान के सरेंडर की असली कहानी यह है
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान का यू-टर्न, ICC के अल्टीमेटम के बाद T20 विश्वकप में भारत के साथ खेलने को तैयार, शहबाज ने दी सफाई














