- IND vs SA के बीच अहमदाबाद में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में भारत को 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा
- सूर्यकुमार यादव ने मैच में शुरुआती गेंदबाजी को अच्छा बताया लेकिन साझेदारियों की कमी को हार का कारण माना
- जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट लिए जबकि अर्शदीप सिंह ने दो विकेट लेकर गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया
Suryakumar Yadav Indian Captain Statement After Defeat Against South Africa: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 43वां मुकाबला रविवार (22 फरवरी) को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहमदाबाद में खेला गया. जहां भारतीय टीम को 76 रनों के बड़े अंतर से शिकस्त का सामना करना पड़ा. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली शिकस्त के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी निराश नजर आए. मैच के बाद उन्होंने अपने दिल की बात साझा करते हुए कहा, 'शुरुआत में ऐसा लग रहा था कि हम मैच में बने हुए हैं. गेंदबाजी की शुरुआत हमने काफी अच्छी की थी. मगर सात से 15 ओवरों के बीच उन्होंने (दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज) काफी अच्छी बल्लेबाजी की. हमारी गेंदबाजी काफी अच्छी रही, बल्लेबाजी भी अच्छी हो सकती थी. कभी-कभी आपको समझना पड़ता है कि मैच पावरप्ले में जीता नहीं जाता है, हां हारा जरूर जा सकता है. हमें जरूरी साझेदारियां नहीं कर पाए. यह खेल का हिस्सा है. हार से हम सबक लेंगे और इसपर विचार करेंगे, फिर मजबूती के साथ वापसी करेंगे.'
अर्शदीप सिंह और बुमराह का प्रदर्शन आज के मुकाबले में शानदार रहा. उनकी गेंदबाजी पर बात करते हुए कैप्टन सूर्या ने कहा, 'सभी लोग भलीभांति वाकिफ हैं कि वह एक साथ कितने घातक हैं. दोनों ने आठ ओवर में पांच विकेट चटकाए और करीब 45 से 50 रन खर्च किए. वह एक साथ साझेदारी करते हुए शानदार गेंदबाजी करते हैं. टीम में उनका होना हमारे लिए बड़ी ताकत है.'
टूर्नामेंट में भारतीय टीम का अगला मुकाबला जिंबाब्वे के साथ चेन्नई में है. सूर्यकुमार यादव को उम्मीद है कि खिलाड़ी अच्छी बल्लेबाजी और गेंदबाजी करेंगे. उन्होंने कहा, 'उम्मीद है अच्छी बल्लेबाजी, अच्छी गेंदबाजी और अच्छी फील्डिंग करेंगे. चीजों को आसान रखेंगे. यहीं सब करने की कोशिश करेंगे.'
अहमदाबाद में टीम इंडिया को मिली शिकस्त
बात करें मैच के परिणाम के बारे में तो अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम 20 ओवरों में 187/7 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पांचवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए डेविड मिलर सर्वोच्च स्कोरर रहे. जिन्होंने 35 गेंद में 63 रन की अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा चौथे क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंद में 45, जबकि छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए ट्रिस्टन स्टब्स 24 गेंद में नाबाद 44 रन का योगदान देने में कामयाब रहे.
जसप्रीत बुमराह ने चटकाए तीन विकेट
भारत की तरफ से आज के मुकाबले में सबसे सफल गेंदबाज जसप्रीत बुमराह रहे. जिन्होंने चार ओवरों में 3.75 की इकॉनमी से 15 रन खर्च करते हुए तीन विकेट चटकाए. उनके अलावा अर्शदीप सिंह के खाते में दो, जबकि वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे के खाते में एक-एक विकेट आए.
111 रनों पर सिमट गई टीम इंडिया
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी भारतीय टीम 18.5 ओवरों में 111 रनों पर ढेर हो गई. छठवें क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए शिवम दुबे ने 37 गेंद में सर्वाधिक 42 रन बनाए. बाकी के अन्य बल्लेबाज हमेशा अफ्रीकी गेंदबाजों के सामने रनों के लिए जूझते हुए नजर आए.
मार्को यानसन ने को मिली चार सफलता
दक्षिण अफ्रीका की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज मार्को यानसन रहे. जिन्होंने चार सफलता प्राप्त की. उनके अलावा केशव महाराज ने तीन, कॉर्बिन बॉश ने दो और एडन मारक्रम ने एक विकेट चटकाए.














