T20 World Cup 2026: सुनील गावस्कर ने पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप सिंह की जगह इस खिलाड़ी को प्लेइंग 11 में शामिल करने की कर दी मांग

Sunil Gavaksar on Team India Playing 11 vs Pakistan T20 World Cup 2026: सुनिल गावस्कर ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच को ध्यान में रखते हुए ही अपनी गेंदबाजी में बदलाव किये.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Sunil Gavaksar on Team India Playing 11 vs Pakistan T20 World Cup 2026:

Sunil Gavaksar on Team India Playing 11 vs Pakistan T20 World Cup 2026: भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि रविवार को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मैच में भारतीय टीम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह लेग स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल करेगी. नामीबिया के बल्लेबाजों ने गुरुवार को अर्शदीप की जमकर धुनाई की और उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर भी पूरे नहीं किए. गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘हमारे सभी गेंदबाजों ने विकेट लिए. अर्शदीप ने अपने चार ओवर पूरे नहीं किए, जबकि शिवम दुबे ने दो ओवर और हार्दिक ने अपना कोटा पूरा किया.

इससे संकेत मिलता है कि कुलदीप यादव पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्शदीप की जगह ले सकते हैं.'' उन्होंने कहा, ‘‘श्रीलंका की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार हैं और भारत का तीन स्पिनरों के साथ खेलने का इतिहास रहा है. मुझे उम्मीद है कि कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में कुलदीप को अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा.''

गावस्कर ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच को ध्यान में रखते हुए ही अपनी गेंदबाजी में बदलाव किये. ‘हार्दिक ने पहला ओवर किया जिससे संकेत मिलता है कि अर्शदीप पाकिस्तान के खिलाफ शायद नहीं खेलेंगे. वरुण चक्रवर्ती ने केवल दो ओवर फेंके और अगर उन्होंने अपने पूरे चार ओवर फेंके होते तो वह पांच या छह विकेट ले लेते.''

उन्होंने कहा, ‘‘वरुण की सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी उसे गेंदबाजी करने के लिए कहा जाता है, वह विकेट लेता है. अक्षर पटेल ने तीन ओवर में दो विकेट लिए, यह अच्छा संकेत है.''

गावस्कर ने इसके साथ ही कहा कि अनफिट अभिषेक शर्मा की जगह अंतिम एकादश में बल्लेबाज के रूप में शामिल किए गए संजू सैमसन को क्रीज से काफी दूर जाकर खेलने में परेशानी हो रही है. सैमसन आठ गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे. उन्होंने कहा, ‘‘संजू सैमसन की समस्या तकनीकी है. वह क्रीज में बहुत पीछे चले जाते हैं और फ्लिक शॉट खेलते हैं. उन्हें सुधार करने की जरूरत है, खासकर जब वह पारी की शुरुआत करते हैं.''

Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | Babri Masjid पर सवाल, बीच डिबेट क्यों भिड़ गए तौसीफ खान-शिवम त्यागी?