IPL शुरू होने से पहले एक नियम को लेकर कई दिग्गज आपस में बंटे हुए नजर आने लगे हैं. अब कप्तान शुभमन गिल ने इंपैक्ट प्लेयर के नियम को लेकर आपत्ति जताई है. इससे पहले टीम इंडिया और मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी इंपैक्ट प्लेयर के नियम को लेकर अपना विरोध जता चुके हैं. जबकि, पूर्व कप्तान सौरव गांगुली की राय इनसे जुदा है. इंपैक्ट प्लेयर का नियम 2023 से अगले चार साल 2027 तक के लिए लागू किया गया है. मगर, इस नियम को लेकर कड़ी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं.
कप्तान गिल ने जताया विरोध
गुजरात के कप्तान शुभमन गिल को इंपैक्ट प्लेयर का नियम बिल्कुल रास नहीं आ रहा. वो कहते हैं, 'निजी तौर पर मुझे नहीं लगता कि इंपैक्ट प्लेयर का नियम होना चाहिए.' गिल ये भी कहते हैं, 'क्रिकेट 11 खिलाड़ियों का खेल है. एक एक्सट्रा बैटर को लाते हैं तो आप स्किल ख़त्म करते हैं. एक एक्स्ट्रा खिलाड़ी के आने से गेम एकतरफा- वनडाइमेंशन वाला बन जाता है. एक फ़्लैट विकेट पर 220 के बजाए चैलेंजिंग विकेट पर 160 के लक्ष्य का पीछा करना ज़्यादा रोमांचक है.'
शुभमन गिल के लिए पिछला साल हैरतअंगेज़ तरीके से बड़े ही उतार-चढ़ाव भरा साबित हुआ. टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड में गिल ने अपनी पारियों और कप्तानी से धूम मचा दी और उन्हें फ्यूचर के तीनों फॉर्मैट का कप्तान माना जा रहा था. लेकिन पिछले ही साल टी-20 वर्ल्ड कप टीम में उन्हें उपकप्तान रहते हुए टीम से बाहर कर दिया गया.
गिल ने तीन लगातार आईपीएल का फ़ाइनल तो खेला है लेकिन बतौर कप्तान अपनी टीम को खिताब जितवाने की चुनौती बरकरार है. 2024 में कप्तान गिल की टीम 8वें नंबर पर रही तो 2025 में प्लेऑफ़ तक का सफर कर पाई.
कौन-कौन खिलाड़ी आमने-सामने
पूर्व कप्तान सौरव गांगुली मानते हैं कि इंपैक्ट प्लेयर का नियम अच्छा है. वो मानते हैं कि इससे गेम रोमांचक हो जाता है. रवि शास्त्री और आर अश्विन जैसे दिग्गज मानते हैं कि वक्त के साथ ये नियम इवॉल्व कर जाएगा यानी गेम में इसका कारगर इस्तेमाल होने लगेगा.
वहीं रोहित शर्मा, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी इस नियम के ख़िलाफ़ खड़े हैं. उनका मानना है कि इस नियम से ऑलराउंडर्स खिलाड़ी की उपयोगिता ख़त्म हो सकती है और उनके लिए ये नियम नुकसान पहुंचाने वाला है.
रिंकू-शिवम दुबे को हुआ फ़ायदा
इंपैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल चेन्नई और कोलकाता जैसी टीमों से बेहतर तरीके से किया भी है. चेन्नई की टीम शिवम दुबे और कोलकाता की टीम रिंकू सिंह जैसे पावर हिटर खिलाड़ियों का इस्तेमाल कर पाई है. इसी नियम के सहारे इन खिलाड़ियों की अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान बन गई है.
इसी नियम की वजह से पीयूष चावला, मोहित शर्मा और अमित मिश्रा जैसे दिग्गज आईपीएल 2023 में वापसी भी कर पाये.
क्या है इंपैक्ट प्लेयर का नियम
इंपैक्ट प्लेयर का नियम फ़ुटबॉल के सब्स्टीट्यूट खिलाड़ी के नियम के जैसा है. इस नियम के सहारे टीमें अपने चार में से एक एक्सट्रा खिलाड़ी को पारी के 14वें ओवर तक मैदान पर उतार सकती है. इंपैक्ट खिलाड़ी को बैटिंग और चार ओवर गेंदबाज़ी करने का अधिकार होता है. इस नियम की वजह से क्रिकेट में 11 के बजाए 12 एक्टिव खिलाड़ियों की टीम मैदान पर उतरती है.
यह भी पढ़ें- IPL 2026 में धोनी को किस भूमिका में देखना चाहते हैं रविचंद्रन अश्विन? सुने उन्हीं की जुबानी














