- पाकिस्तान की क्रिकेट टीम टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 राउंड में खराब प्रदर्शन के कारण सेमी-फाइनल से बाहर हो गई है
- कप्तान सलमान अली आगा को खराब प्रदर्शन के बाद पद से हटाने की संभावना जताई जा रही है
- चयनकर्ताओं ने अगले कप्तान के रूप में शादाब खान और शाहीन अफरीदी के नाम पर विचार शुरू कर दिया है
एक तरफ जहां भारतीय टीम आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमी-फाइनल में पहुंचने का जश्न मना रही है. वहीं दूसरी तरफ पड़ोसी देश पाकिस्तान 'सुपर 8' राउंड से ही बाहर होने के बाद सदमे से उबरने में लगी हुई है. ग्रीन टीम को ग्रुप स्टेज में भारत के खिलाफ शिकस्त का सामना करना था. मगर कप्तान और कोच को उम्मीद थी कि टीम 'सुपर 8' में शानदार प्रदर्शन करेगी. मगर यहां भी खिलाड़ियों ने निराश किया. पाकिस्तान को इंग्लैंड के खिलाफ हार सामना करना पड़ा. इसके अलावा उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. वहीं अन्य मुकाबले में वह श्रीलंका की खिलाफ जीत हासिल करने में कामयाब हुई थी. मगर रन रेट में पीछे होने की वजह से वह सेमी-फाइनल की रेस से बाहर हो गई.
समाचार एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक टूर्नामेंट में खस्ता हालात के बाद मौजूदा कप्तान सलमान अली आगा को उनके पद से बर्खास्त किया जा सकता है. चयनकर्ता अगले कप्तान के रुप में शादाब खान और शाहीन अफरीदी को देख रहे हैं. संभावित अटकलों के बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने शादाब खान की जमकर आलोचना की है.
समा टीवी के साथ हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, 'उसके प्रदर्शन को देखते हुए मैं उसे टीम में भी नहीं चुनूंगा. कप्तानी देना तो दूर की बात है.' अफरीदी ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'मुख्य कोच शादाब को लगातार मौके दे रहे हैं. इसीलिए मैंने कहा था कि शादाब पाकिस्तान का अगला कप्तान बन सकता है, लेकिन उसके हालिया प्रदर्शन को देखते हुए वह प्लेइंग इलेवन में जगह पाने के भी लायक नहीं है.'
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे शादाब
पाकिस्तान की टीम को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शादाब खान से काफी उम्मीदें थी. मगर वह उन उम्मीदों पर कुछ खास खरे नहीं उतर पाए थे. टीम की तरफ से उन्होंने टूर्नामेंट के सात मैचों में हिस्सा लिया था. इस बीच 118 रन ही बना पाए. वहीं गेंदबाजी के दौरान उन्हें पांच सफलता हाथ लगी थी, जो कि उनकी मौजूदा छवि के हिसाब से सही नही कहा जा सकता है.
यह भी पढ़ें- T20 World Cup में इंग्लैंड और भारत के बीच हार-जीत का निश्चित रहा है क्रम, इस बार साबित होगा भ्रम!














