'कैप्टन कूल' धोनी से आगे निकले 'बूम-बूम' शाहिद आफ़रीदी

'कैप्टन कूल' धोनी से आगे निकले 'बूम-बूम' शाहिद आफ़रीदी

शाहिद आफ़रीदी (फाइल फोटो)

नई दिल्ली:

पाकिस्तान के T20 कप्तान शाहिद आफ़रीदी ने T20 क्रिकेट में कप्तान के तौर पर सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले ये रिकॉर्ड न्यूज़ीलैंड के कप्तान ब्रैंडन मैक्कलम के नाम था। इंग्लैंड के साथ ख़त्म हुई T20 सीरीज़ में आफ़रीदी का प्रदर्शन कुछ ख़ास नहीं रहा। आफ़रीदी 3 मैचों में कुल 53 रन ही बटोर सके।

इंग्लैंड के साथ आख़िरी T20 मैच में आफ़रीदी ने 20 गेंद पर 29 रन की पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 3 छक्के निकले। आफ़रीदी ने 29 रन की पारी में कोई चौका नहीं लगाया।

बूम-बूम आफ़रीदी के नाम से मशहूर पाकिस्तान के T20 कप्तान के नाम 32 मैच में 30 छक्के हो गए हैं। दूसरे नंबर पर मैक्कलम हैं जो 28 T20 मैचों में कप्तानी करते हुए 29 छक्के लगा चुके हैं। तीसरे नंबर पर हैं टीम इंडिया के वनडे-T20 कप्तान एमएस धोनी। धोनी ने कप्तान के तौर पर 51 मैचों में 25 छक्के लगाए हैं। वहीं वेस्ट इंडीज़ के धमाकेदार बल्लेबाज़ क्रिस गेल 17 मैचों में कप्तानी करते हुए 24 छक्के लगाए हैं।

वैसे अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट में सबसे ज़्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड न्यूज़ीलैंड के मैक्कलम के नाम हैं। मैक्कलम ने 71 T20 मैचों में 91 छक्के लगाए हैं। दूसरे नंबर पर गेल हैं जिन्होंने 45 मैचों में 87 छक्के लगाए हैं।

Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com

तीसरे नंबर शेन वॉटसन हैं, जिनके बल्ले से 49 मैचों में 69 छक्के निकले हैं। इस लिस्ट में आफ़रीदी छठे नंबर पर हैं। आफ़रीदी ने 87 मैचों में 62 छक्के लगाए हैं।