IPL 2026, Sanjiv Goenka reaction Viral: लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2026 में अपना पहला मैच जीत लिया है. हैदराबाद को लखनऊ ने 5 विकेट से हरा दिया, लखनऊ की जीत में कप्तान ऋषभ पंत ने अच्छी पारी खेली, पंत ने 52 गेंदों पर 68 रनों की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई. जब पंत ने विनिंग शॉट मारकर टीम को जीत दिलाई तो टीम के मालिक संजीव गोयनका का रिएक्शन देखने लायक था. संजीव गोयनका लखनऊ की जीत होने के बाद काफी इमोशनल नजर आए और उनकी आंखों में खुशी के आंसू नजर आए. सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हो रहा है. यही नहीं मैच जब खत्म हुआ तो गोयनका पंत के पास गए और उन्हें गले से लगा लिया.
रविवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 156 रन बनाए. इस पारी में हेनरिक क्लासेन ने 62 रन, जबकि नितीश रेड्डी ने 56 रन टीम के खाते में जोड़े. इसके जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स ने 19.5 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. इस पारी में कप्तान ऋषभ पंत ने नाबाद 68 रन बनाए, जबकि एडेन मार्करम ने 45 रन का योगदान दिया.
जीत के बाद संजीव गोयनका ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, "एक सीजन बनाने में समय, धैर्य और सामूहिक विश्वास लगता है. आज इन तीनों की झलक मिली. कप्तान ने लय तय की, और टीम ने स्पष्टता और अनुशासन के साथ उसका पालन किया. यही तालमेल एक टीम को आगे बढ़ने में मदद करता है. यह एक कदम है, और अभी लंबा सफर तय करना बाकी है. मिले समर्थन के लिए आभारी हूं. हम यहां से आगे बढ़ते रहेंगे."लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपना अगला मुकाबला गुरुवार को ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से खेलेगी.














