Ricky Ponting Picks All Format Best Players: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और क्रिकेट की दुनिया के सबसे दिग्गज नामों में से एक रिकी पोंटिंग ने हाल ही में खेल के तीनों प्रारूपों (Test, ODI, T20) में दबदबा बनाने वाले खिलाड़ियों पर अपनी राय दी है. पोंटिंग ने उन चुनिंदा सितारों का जिक्र किया है जिन्होंने फॉर्मेट कोई भी हो, हमेशा विपक्षी टीम को घुटनों पर ला दिया.
बल्लेबाजी के तीन सुपरस्टार
पोंटिंग के अनुसार, आधुनिक क्रिकेट में विराट कोहली, एबी डिविलियर्स और डेविड वॉर्नर ऐसे बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में एक जैसा खौफ पैदा किया. पोंटिंग ने माना कि इन तीनों की क्लास और आक्रामकता ऐसी रही है कि इन्होंने किसी भी परिस्थिति में रन बनाने का हुनर बखूबी निभाया है.
बुमराह ने रचा इतिहास, पोंटिंग ने किया सलाम
इस लिस्ट में सबसे चौंकाने वाला और गौरवपूर्ण नाम भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का रहा. आमतौर पर ऐसी चर्चाओं में बल्लेबाजों का सबसे ज्यादा बोलबाला रहता है, लेकिन पोंटिंग ने बुमराह को एक अपवाद माना. पोंटिंग ने कहा, "बहुत कम खिलाड़ी ऐसे हुए हैं जिन्होंने खेल के सभी प्रारूपों में अपना दबदबा बनाया हो और जसप्रीत बुमराह निश्चित रूप से उनमें से एक हैं."
गेंदबाजों के लिए गर्व की बात
बुमराह को कोहली और डिविलियर्स जैसे दिग्गजों की कतार में खड़ा करना यह बताता है कि उनकी गेंदबाजी की धार तीनों फॉर्मेट में कितनी घातक है. चाहे लाल गेंद से टेस्ट मैच हो या टी20 की डेथ बॉलिंग, बुमराह का दबदबा हर फार्मेंट में रहा है. पोंटिंग का यह बयान भारतीय फैंस का दिल जीत रहा है.














