RR की 'गुलाबी' जर्सी में भी CSK के लिए धड़का रवींद्र जडेजा का दिल, जर्सी को चूमा, ट्रेड पर दिया भावुक बयान

Ravindra Jadeja Kissed CSK Jersey IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स उम्मीद करेगी कि जडेजा का यह अनुभव उन्हें एक और खिताब दिलाए.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Ravindra Jadeja Kissed CSK Jersey IPL 2026:

Ravindra Jadeja Kissed CSK Jersey:IPL 2026: कहते हैं कि प्रोफेसनल खेल में खिलाड़ी टीमें बदलते रहते हैं, लेकिन कुछ जर्सियां और कुछ रिश्ते भावनाओं से इस कदर बंधे होते हैं कि उन्हें अलग करना नामुमकिन होता है. आईपीएल 2026 में रवींद्र जडेजा के साथ भी कुछ ऐसा ही दिख रहा है. भले ही 'सर जडेजा' अब राजस्थान रॉयल्स की गुलाबी जर्सी में मैदान पर गदर मचा रहे हैं, लेकिन उनके दिल के किसी कोने में आज भी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए वही पुरानी धड़कन और सम्मान बरकरार है.

मैदान पर दुश्मन, दिल में वही प्यार

सोमवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में नजारा कुछ अजीब था. सामने वही टीम थी जिसे जडेजा ने सालों तक अपने दम पर चैंपियन बनाया था. जडेजा ने गेंद से कहर बरपाते हुए सीएसके की कमर तोड़ दी. उन्होंने एक ही ओवर में सरफराज खान और शिवम दुबे जैसे मैच जिताऊ खिलाड़ियों को चलता किया. लेकिन मैच के दौरान एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने करोड़ों क्रिकेट फैंस को भावुक कर दिया.

मैदान पर गहमागहमी के बीच जडेजा ने खलील अहमद की जर्सी पर बने सीएसके (CSK) के लोगो को चूम लिया. यह पल गवाह था कि जडेजा भले ही ट्रेड होकर राजस्थान के खेमे में चले गए हों, लेकिन वह आज भी उस 'येलो आर्मी' और उसके फैंस को कितना मिस कर रहे हैं. यह सिर्फ एक लोगो को चूमना नहीं था, बल्कि उन यादों और उस विरासत को सम्मान देना था जिसे जडेजा ने एक दशक से ज्यादा समय तक जिया है.

गुलाबी रंग में रंगे, पर पुरानी यादें ताजा

मैच के बाद जब जडेजा से उनकी वापसी और गेंदबाजी पर सवाल हुआ, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, "मुझे लगता है कि मुझ पर गुलाबी रंग अच्छा लगता है." लेकिन उनकी बातों में पुरानी टीम के प्रति समझ साफ झलक रही थी. शिवम दुबे का विकेट लेने पर उन्होंने कहा कि वह दुबे को नेट्स में गेंदबाजी करने के अनुभव के कारण जानते थे.

Advertisement

रवींद्र जडेजा ने अपने ट्रेड पर दिया भावुक बयान

जडेजा ने जियो हॉटस्टार पर बातचीत के दौरान कहा, "शुरुआत में, यह थोड़ा मुश्किल था क्योंकि मैं CSK के लिए करीब 12-13 साल खेला था, इसलिए जाहिर तौर पर यह एक इमोशनल पल था, लेकिन फिर मैंने सोचा कि यह भी इस सफर का एक हिस्सा है और अच्छी बात यह है कि मैं उसी टीम में वापस जा रहा हूं जिसके साथ मैंने अपना पहला IPL टाइटल जीता था. "

जडेजा के सफर पर एक नजर

2008: शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स के साथ पहला आईपीएल खिताब जीता.
2012-2025: सीएसके का अभिन्न हिस्सा रहे (बीच में दो साल गुजरात लायंस के लिए खेले).
2023: फाइनल की आखिरी दो गेंदों पर चौका-छक्का लगाकर सीएसके को पांचवीं बार चैंपियन बनाया.
2026: ट्रेड के जरिए अपनी 'पुरानी घर' राजस्थान रॉयल्स में वापसी. 

Advertisement

सीएसके फैंस के लिए एक इमोशनल संदेश

जडेजा का सीएसके लोगो को चूमना यह साफ करता है कि 2023 फाइनल की वो जादुई रात और एमएस धोनी का उन्हें गोद में उठा लेना, ये ऐसी यादें हैं जिन्हें जडेजा कभी पीछे नहीं छोड़ सकते. राजस्थान रॉयल्स के लिए वह एक मैच विनर के रूप में अपनी पूरी जान लगा रहे हैं, लेकिन खलील अहमद की जर्सी पर किया गया वह छोटा सा जेस्चर बता गया कि "येलो" रंग आज भी उनके खून में दौड़ता है. 

राजस्थान रॉयल्स उम्मीद करेगी कि जडेजा का यह अनुभव उन्हें एक और खिताब दिलाए, वहीं सीएसके के प्रशंसक शायद आज भी इस दिग्गज को दूसरी जर्सी में देखकर मन ही मन कह रहे होंगे "जड्डू, तुम जहां भी रहो, हमारे ही रहोगे."

Featured Video Of The Day
ट्रंप को सताया मौत का डर! ईरान के डर से व्हाइट हाउस में बनवा रहे बंकर, क्या होंगी सुविधाएं?