- दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2026 के मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हराकर अपने अभियान की शुरुआत की
- समीर रिजवी ने नाबाद सत्तर रन बनाकर दिल्ली की जीत में अहम भूमिका निभाई और मैच के हीरो बने
- प्रिंस यादव और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच मैच के दौरान मैदान पर तीखी नोकझोंक देखने को मिली
Prince Yadav vs Tristan Stubbs Fight; DC vs LSG IPL 2026 Match: दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है. इस टीम ने बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में सीजन के पांचवें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की. समीर रिजवी जीत के हीरो रहे, जिन्होंने 47 गेंदों में 70 रन की नाबाद पारी खेली. इस बीच मैदान पर एक पल ऐसा भी आया जिसने मैच का माहौल पूरी तरह गरमा दिया. यह मुकाबला सिर्फ जीत-हार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि खिलाड़ियों के बीच तकरार ने भी इसे चर्चा में ला दिया.
प्रिंस यादव और ट्रिस्टन स्टब्स के बीच गर्मागर्मी
दिल्ली की पारी के पांचवें ओवर में अचानक तनाव बढ़ गया. प्रिंस यादव ने ओवर की पांचवीं गेंद डालने के बाद सीधे बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स के पास जाकर उन्हें घूरना शुरू कर दिया. स्टब्स भी पीछे हटने वालों में नहीं थे, उन्होंने तुरंत पलटकर जवाब दिया. कुछ सेकंड के लिए ऐसा लगा कि मामला आगे बढ़ सकता है हालांकि, मामला आगे नहीं बढ़ा और प्रिंस वापस गेंदबाजी के लिए चले गए. आईपीएल 2026 में यह पहला मौका था जब मैदान पर खिलाड़ियों के बीच इस तरह की तीखी नोकझोंक देखने को मिली.
इससे पहले बुधवार को टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी (LSG) 18.4 ओवरों में 141 रन पर सिमट गई. इस टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में झटका लगा. इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम (11) के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की.
मुकुल चौधरी और शाहबाज अहमद के बीच अहम साझेदारी
मार्श ने टीम के खाते में 35 रन का योगदान दिया. टीम ने 71 के स्कोर तक अपना पांचवां विकेट खो दिया था. यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ 33 रन की साझेदारी करते हुए टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. अब्दुल समद 25 गेंदों में 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन जुटाए. मुकुल ने टीम के खाते में 14 रन जोड़े. विपक्षी खेमे से लुंगी एनगिडी और टी नटराज ने 3-3 विकेट हासिल किए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले. 1 विकेट अक्षर पटेल के नाम रहा.
डीसी को पहली ही गेंद पर लगा था झटका
इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 17.1 ओवरों में जीत दर्ज कर ली. डीसी को पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) के रूप में झटका लगा. इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे. इस बीच पथुम निसांका 1 रन, नितीश राणा 15 रन और कप्तान अक्षर पटेल खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए थे. यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ पांचवें विकेट के लिए 76 गेंदों में 119 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 17 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी. रिजवी 47 गेंदों में 4 छक्कों और 5 चौकों के साथ 70 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि स्टब्स ने 39 रन की नाबाद पारी खेली. विपक्षी खेमे से प्रिंस यादव ने 20 रन देकर 2 विकेट निकाले. मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 विकेट हाथ लगा.













