महेंद्र सिंह धोनी ने कभी युवराज सिंह को ड्रॉप करने के लिए नहीं कहा -पूर्व चयनकर्ता का खुलासा

Did Dhoni Said to Drop Yuvraj Singh: भारत के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल ने साफ किया कि युवराज के करियर के किसी भी स्टेज पर टीम से बाहर होने में धोनी का कोई हाथ नहीं था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Did Dhoni Said to Drop Yuvraj Singh

Sandeep Patil Big Reveals on MS Dhoni vs Yuvraj Singh: साल 2007 में जब युवराज सिंह ने टी20 वर्ल्ड कप में छह गेंदों में छह छक्के जड़े थे तो नॉन स्ट्राइक एंड पर धोनी खड़े थे. साल 2011 में वानखेड़े में जब धोनी ने विजयी छक्का लगाकर टीम इंडिया को विश्व चैंपियन बनाया तो नॉक स्ट्राइक एंड पर युवराज सिंह खड़े थे. लेकिन इसके कुछ सालों से बाद स्थितियां पूरी तरह से बदलती दिखीं. ऑन फील्ड धोनी और युवराज के तालमेल को देखकर शायद ही कोई कभी कहता कि एक दिन भारतीय कप्तान पर इस बात के आरोप लगेंगे कि उन्होंने बाएं हाथ के सुपरस्टार बल्लेबाज को टीम इंडिया से निकलवाने में भूमिका निभाई. युवराज सिंह के पिता योगराज ने कई मौकों पर धोनी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा है कि उनके चलते युवराज का करियर जल्द खत्म हुआ. वहीं अब पूर्व चयनकर्ता संदीप पाटिल ने इस मामले में बड़ा खुलासा किया है. 

भारत के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल ने साफ किया कि युवराज के करियर के किसी भी स्टेज पर टीम से बाहर होने में धोनी का कोई हाथ नहीं था. चार साल तक भारतीय टीम के मुख्य सेलेक्टर रहे संदीप पाटिल ने यूट्यूब चैनल द विक्की लालवानी शो पर कहा,"एक बार भी नहीं - सिलेक्शन मीटिंग के दौरान नहीं, टूर पर नहीं, मैचों के दौरान नहीं - महेंद्र सिंह धोनी ने युवराज सिंह को ड्रॉप करने के लिए नहीं कहा. मैं ऑन रिकॉर्ड कह रहा हूं." पाटिल ने धोनी का बचाव करते हुए कहा कि पूर्व कप्तान को सिलेक्टर्स पर भरोसा था. पाटिल ने युवराज सिंह को बाहर करने में धोनी की भूमिका को स्पष्ट करते हुए कहा,"उन्हें सिलेक्शन कमिटी पर पूरा भरोसा था. उन्होंने कुछ नहीं कहा."

युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने बार-बार अपनी बात दोहराते हुए कहा है कि धोनी ने उनके बेटे का करियर खत्म किया. हाल ही में एक इंटरव्यू में योगराज ने धोनी के प्रति अपनी ज़ाहिर की. उन्होंने अपने बेटे युवराज को इंडियन टीम से बाहर करने के लिए धोनी को दोषी ठहराया और ज़ोर देकर कहा कि ये काम माफ़ करने लायक नहीं थे और इस फ़ैसले में धोनी की भूमिका पर सबके सामने सवाल उठाए.

उन्होंने कहा, "मैं एमएस धोनी को माफ़ नहीं करूंगा. उन्हें खुद को आईने में देखना चाहिए. वह एक बहुत बड़े क्रिकेटर हैं, मैं उन्हें सलाम करता हूं. लेकिन उन्होंने मेरे बेटे के साथ जो किया वह माफ़ करने लायक नहीं है. अब सब कुछ सामने आ रहा है, और इसे कभी माफ़ नहीं किया जा सकता." उन्होंने आगे कहा,"उस आदमी ने मेरे बेटे की ज़िंदगी बर्बाद कर दी, जो चार-पांच साल और खेल सकता था... अब कभी दूसरा युवराज सिंह नहीं होगा."

Advertisement

यह भी पढ़ें: आलोचकों को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने दिया करारा जवाब

यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार यादव ने किया खुलासा, बताया भारत के वर्ल्ड चैंपियन बनने के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या बोले थे गौतम गंभीर

Featured Video Of The Day
बंदूक वाले गुंडों से झाड़ू लेकर भिड़ गईं महिलाएं, स्कॉर्पियों से लगाई दौड़
Topics mentioned in this article