बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला बीते शुक्रवार (13 मार्च 2026) को शेर ए बांग्ला नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया. जहां पाक टीम डीएलएस मेथड के तहत 128 रनों से जीत हासिल करने में कामयाब रही. मैच के दौरान बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज ने जिस तरह से पाक बल्लेबाज सलमान अली आगा को रन आउट किया. उसपर बहस छिड़ गई है. जारी विवाद पर पूर्व पाक क्रिकेटर मोहम्मद आमिर ने भी अपना बयान दिया है और उनका कुछ अलग ही विचार है. आमिर ने इस पूरे मामले में अंपायरों को दोषी ठहराया है और अंपायरिंग के स्तर में गिरावट का जिक्र किया है. उनका मानना है कि इस पूरे घटना के रिप्ले को देखकर अंपायरों को हस्तक्षेप करना चाहिए था.
आमिर ने अपने यूट्यूब चैनल पर बातचीत करते हुए कहा, 'मेहदी ने आगा को ब्लॉक करते हुए रन आउट किया था. अंपायरों ने इस बात पर ध्यान क्यों नहीं दिया? अगर उन्होंने ध्यान दिया होता तो पूरे विवाद को टाला जा सकता था.' उन्होंने कहा, 'इस विवाद में जितनी मेहदी और आगा की गलती थी. उतना ही अंपायरों पर भी सवाल उठने चाहिए. अंपायर बल्लेबाज को संदेह का लाभ दे सकते थे. क्योंकि उन्होंने (मेहदी हसन मिराज) बल्लेबाज को ब्लॉक कर दिया था.
आमिर ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, 'अंपायरिंग के स्तर में दिन-ब-दिन गिरावट आ रही है. यह पूरी तरह से साफ था कि बल्लेबाज को गेंदबाज ने ब्लॉक कर दिया था. इसीलिए वह क्रीज के अंदर नहीं पहुंच सके.'
आमिर ने बांग्लादेशी कप्तान मेहदी हसन मिराज की आलोचना भी की है. उनका कहना है, 'बांग्लादेशी टीम बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी. मेहदी को आगे बढ़कर उदाहरण पेश करना चाहिए था. क्रिकेट सज्जनों का खेल है. हमें जो खेल भावना सिखाई जाती है, वह मैच से गायब था.'
यह भी पढ़ें- IPL 2026 में नए भूमिका में नजर आएंगे केविन पीटरसन, दिलों पर राज करने का है प्लान














