इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने तीन मैचों में दो बार वैभव सूर्यवंशी को शॉट बॉल पर आउट करके इस बाएं हाथ के बल्लेबाज की कमी को उजागर कर दिया है. जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज में आर्चर ने शॉट बॉल से इस युवा सनसनी को परेशान किया है. तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में बॉल सूर्यवंशी के ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर के दस्तानों में गई जबकि गुरुवार को ब्रिस्टल में खेले गए चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक और शॉर्ट डिलीवरी पर टॉप-एज लगने के बाद वो 30 गज के दायरे में ही लपके गए. इंग्लैंड के पूर्व ऑलराउंडर मोईन अली ने अब आर्चर और सूर्यवंशी के बीच चल रही जंग पर अपनी बात कही है.
मोईन ने कहा कि उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के नेट्स में सूर्यवंशी के आर्चर पर हावी होने की कई कहानियां सुनी थीं, लेकिन उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि इंटरनेशनल क्रिकेट बिल्कुल अलग चीज़ है और युवा बल्लेबाज़ों के लिए यह मुश्किल जगह हो सकती है.
मोईन ने 'बियर्ड बिफोर विकेट' पॉडकास्ट पर कहा,"मुझे बहुत अच्छा लगा कि आर्चर सूर्यवंशी को कैसी गेंदबाज़ी कर रहे थे. IPL के दौरान, मैंने राजस्थान रॉयल्स के सोशल मीडिया पर देखा था कि नेट्स में आर्चर की कुछ गेंदों पर सूर्यवंशी ने ज़बरदस्त शॉट मारे थे. वैभव को आउट करने के लिए जोफ्रा ने एक बेहतरीन बाउंसर फेंका. वह वाकई एक शानदार बल्लेबाज़ हैं और मैं उनकी काबिलियत को कम नहीं आंक रहा हूं, लेकिन, इंटरनेशनल क्रिकेट में हालात अलग होते हैं."
इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टी20 मुकाबले में सिर्फ 5 साल और 99 दिन की उम्र में डेब्यू करके सचिन तेंदुलकर का 36 साल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ने वाले सूर्यवंशी अपने इंटरनेशनल क्रिकेट के शुरुआती तीन मैचों में 14, 13 और 15 रन बनाए हैं. आर्चर के खिलाफ यह रिकॉर्ड और खराब नजर आता है. अब तक वैभव ने आर्चर की 13 गेंदों का सामना किया है और उन्होंने दो बार वैभव का विकेट लिया है. इस दौरान वैभव उनके खिलाफ सिर्फ 18 रन ही बन पाए हैं.
खास बात यह है कि सूर्यवंशी को राजस्थान रॉयल्स के साथ आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद पहली बार नेशनल टीम में चुना गया था. उन्होंने इस टूर्नामेंट में 237.30 के ज़बरदस्त स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए थे, जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल थे. भारत इंग्लैंड से सीरीज़ 0-3 से हार चुका है और पांचवां व आखिरी मैच शनिवार को खेला जाना है.
सैमसन के लगातार तीन मैचों में रन न बना पाने के बाद सूर्यवंशी को चुना गया था. सैमसन इस साल T20 वर्ल्ड कप में 'प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट' रहे थे. हालांकि, इस प्रतिभाशाली बल्लेबाज़ का अब तक कोई खास असर नहीं दिखा है.
यह भी पढ़ें: स्पेन के लमीन यमाल ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 96 सालों के इतिहास में ऐसा करने वाले सबसे युवा फुटबॉलर
यह भी पढ़ें: कौन हैं स्पेन के मिकेल मेरिनो? पहले क्रिस्टियानो रोनाल्डो और केविन डी ब्रुइन का तोड़ा सपना, नाम हुआ ये वर्ल्ड रिकॉर्ड