'वह ओपनिंग करेंगे', हाई स्कोरिंग मैच में बडोनी से क्यों कराया गया पारी का आगाज? कैप्टन ने पंत ने तोड़ी चुप्पी

लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने आयुष बडोनी से ओपनिंग करवाने के पीछे की वजह बताई है. उनका कहना है कि इसके पीछे बस यही सोच थी कि वह मैदान पर जाएं और बिना किसी दबाव के खुलकर खेलें. यह फैसला आज ही नहीं लिया गया था. यह पहले से ही तय था कि वह ओपनिंग करेंगे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Rishabh Pant

LSG Captain Rishabh Pant Statement After Defeat Against Punjab Kings: आईपीएल 2026 के 29वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को रविवार को पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के खिलाफ 54 रनों से हार का सामना करना पड़ा. एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि हार के लिए कोई एक वजह बताना काफी मुश्किल है. हालांकि, उन्होंने जीत का श्रेय पंजाब किंग्स को दिया, जिन्होंने इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया. इस सीजन में मिली चौथी हार के बाद ऋषभ पंत ने कहा, 'देखिए, हार के लिए कोई एक वजह बताना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि गेंदबाजों ने तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन साथ ही कुछ ऐसी बातें भी हैं जिन पर ध्यान देने की जरूरत है. हालांकि, हमारे लिए कुछ सकारात्मक बातें भी थीं, जिन पर हम काम कर सकते हैं. हमें बल्लेबाजी की कुछ झलक देखने को मिली, जिसके बारे में हमने बात की थी. हम निश्चित रूप से कुछ सकारात्मक बातें अपने साथ लेकर आगे बढ़ना चाहेंगे, लेकिन साथ ही एक टीम के तौर पर हम हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.'

बल्लेबाजी में आयुष बदोनी को सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतारने के फैसले को लेकर बात करते हुए पंत ने कहा, 'मुझे लगता है कि इसके पीछे बस यही सोच थी कि वह मैदान पर जाएं और बिना किसी दबाव के खुलकर खेलें. यह फैसला आज ही नहीं लिया गया था. यह पहले से ही तय था कि वह ओपनिंग करेंगे. यह बस एक ऐसी बात थी जिसे हमने अपने तक ही सीमित रखा था. हम चाहते थे कि टॉप ऑर्डर को थोड़ी आजादी मिले और मिडिल ऑर्डर भी अपना योगदान दे. हमें इस टीम पर पूरा भरोसा है. हालांकि, साथ ही जब विरोधी टीम अच्छा खेल रही हो, जैसा कि अभी पंजाब किंग्स खेल रही है, तो आपको उन्हें भी श्रेय देना होगा कि वे कितना जोरदार और अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं.'

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 254 रन बनाए. प्रियांश आर्या ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 37 गेंदों में 93 रनों की शानदार पारी खेली. प्रियांश ने अपनी इस पारी में 4 चौके और 9 छक्के लगाए. कूपर कोनोली भी शानदार लय में दिखाई दिए और उन्होंने 46 गेंदों में 87 रन बनाए. वहीं, मार्कस स्टोइनिस ने 16 गेंदों में 29 रन बनाए, जबकि शशांक सिंह ने 17 रनों का योगदान दिया. गेंदबाजी में एलएसजी की तरफ से प्रिंस यादव ने 25 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि मोहम्मद शमी, मोहसिन ने एक-एक विकेट चटकाया.

255 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी. टीम की ओर से ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में सर्वाधिक 43 रन बनाए. वहीं, एडम मार्करम ने 22 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि मिचेल मार्श ने 28 गेंदों में 40 रन बनाए. पंजाब की तरफ से गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 37 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट निकाले. अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट चटकाया.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राशिद खान को अपनी टीम में शामिल करना चाहती थी भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम? स्टार का सनसनीखेज खुलासा

Featured Video Of The Day
Kanpur Murder Case: 11 साल तक बेटियों को सीने से लगाया, उसी पिता ने Twin Daughters का गला रेता
Topics mentioned in this article