Kuldeep Yadav Wedding Guest List: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव शनिवार की शाम शादी के बंधन में बंध जाएंगे. कुलदीप अपनी मंगेतर वंशिका चड्ढा के साथ शादी रचाने वाले हैं. शादी मसूरी में होगी. कुलदीप और वंशिका के परिवार विवाह स्थल पर पहुंच चुके हैं. प्री वेडिंग फंक्शन भी शुरू हो चुके हैं. कुलदीप यादव की शादी की रस्में मसूरी के सेवाय होटल में शाम छह बजे से शुरू होंगी. शादी समारोह के लिए होटल को फूलों, रोशनी और पारंपरिक सजावट से विशेष रूप से सजाया गया है. होटल प्रबंधन ने मेहमानों के स्वागत और आतिथ्य के लिए बड़े स्तर पर व्यवस्थाएं की हैं. मेहमानों के लिए पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ उत्तराखंडी खाने का भी खास इंतजाम किया गया है.
शादी में भारतीय क्रिकेट टीम के कई बड़े खिलाड़ियों के पहुंचने की उम्मीद है. इसलिए आयोजन स्थल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पूर्व कप्तान विराट कोहली और रोहित शर्मा भी शाही समारोह में शामिल हो सकते हैं. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के भी आने की उम्मीद है. रिपोर्टों के अनुसार, महान भारतीय क्रिकेटर सुनील गावस्कर, टी20 वर्ल्ड चैंपियन कप्तान सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा अन्य हाई-प्रोफाइल क्रिकेट हस्तियों में शामिल होने की उम्मीद है.
इस बीच, भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल शादी समारोह में शामिल होने के लिए शुक्रवार को देहरादून पहुंचे. एएनआई से बात करते हुए, चहल ने कुलदीप के साथ अपने करीबी रिश्ते को साझा किया और उनकी शादी पर खुशी जताई. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा,"मैं अपने भाई की शादी के लिए बहुत उत्साहित हूं. मैं खूब नाचूंगा और आनंद लूंगा."
मीडिया रिपोर्टों से पता चलता है कि भारत को टी20 विश्व कप 2026 जीतने में मदद करने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए, कुलदीप ने मूल रूप से नवंबर 2025 में होने वाली शादी को स्थगित कर दिया। यह जोड़ा, जो दोनों कानपुर के रहने वाले हैं और सिर्फ 3 किमी दूर पले-बढ़े हैं, ने पिछले साल लखनऊ के एक होटल में सगाई की थी। वंशिका वर्तमान में एलआईसी कर्मचारी के रूप में काम करती हैं।
होटल परिसर में केवल आमंत्रित मेहमानों को ही प्रवेश दिया जा रहा है. स्थानीय प्रशासन और होटल प्रबंधन ने कार्यक्रम को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की है. एक रिपोर्ट के मुताबिक, शादी में परोसे जाने वाले प्लेट की कीमत 6 हजार रुपये से ज्यादा बताई जा रही है. इसमें पहाड़ी खाना भी शामिल है.
इससे पहले शुक्रवार को कुलदीप और वंशिका की संगीत सेरेमनी हुई. संगीत सेरेमनी में पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना, युजवेंद्र चहल ठुमके लगाते हुए नजर आए. रैना ने कुलदीप यादव के साथ भी डांस किया. भारतीय टीम के फील्डिंग कोच टी. दिलीप भी संगीत सेरेमनी में उपस्थित रहे. 17 मार्च को लखनऊ में कुलदीप यादव और वंशिका का रिसेप्शन रखा गया है. बता दें कि कुलदीप औप वंशिका दोनों बचपन से एक दूसरे को जानते हैं. वंशिका ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न से पढ़ाई की है. वह भारतीय जीवन बीमा निगम में काम करती हैं.
यह भी पढ़ें: गौतम गंभीर का रियल टेस्ट बाकी है... टी20 वर्ल्ड कप विजेता कोच को सौरव गांगुली ने दी वार्निंग
यह भी पढ़ें: BAN vs PAK 2nd ODI: फ्रस्ट्रेशन में जमीन पर पटका हेलमेट, रन आउट पर जमकर हुआ बवाल, अब सलमान आगा ने तोड़ी चुप्पी














