तीन बार की IPL चैंपियन और IPL की तीसरी सबसे कामयाब टीम को आख़िरकार रविवार को 7 कोशिशों के बाद पहली जीत हासिल हुई और उसे 3 अंक हासिल हो गए. कोलकाता को इससे पहले एक अंक बारिश की वजह से पंजाब बनाम कोलकाता के बेनतीजा मैच से हासिल हुआ था. कोलकाता बनाम राजस्थान के ईडन गार्डन्स पर हुए मैच में वो सब देखने को मिला जो ख़ासकर शाहरुख़ ख़ान की फ़िल्मों में देखने को मिलता है.
'बाज़ीगर', 'दिल तो पागल है', 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' और 'ओम शांति ओम' से लेकर 'चक दे' जैसी कई फ़िल्मों का शो रील बन गया कोलकाता बनाम राजस्थान का मैच. इस सीज़न राजस्थान जैसी बेहद ताक़तवर टीम के लिए ये सिर्फ़ दूसरी हार साबित हुई. वो भी उस टीम के हाथों जिसके फ़ैन्स भी उससे जीत की उम्मीद खोने लगे थे. इस मैच ने शाह रुख़ ख़ान की कई सुपरहिट फ़िल्मों को याद दिला दी.
वैभव-यशस्वी ने दी राजस्थान को धमाकेदार शुरुआत
ईडन गार्डन्स पर राजस्थान ने एकबार फिर धमाकेदार शुरुआत की. 8.4 ओवर में यशस्वी जायसवाल और वैभल सूर्यवंशी की जोड़ी ने 14 बाउंड्रीज़ के ज़रिये 81 रन जोड़ दिये. लेकिन आख़िर वरुण चक्रवर्ती ने वैभव को और सुनील नरेन ने यशस्वी को आउट कर कोलकाता की मैच में वापसी करवाई.
चमके कोलकाता के गेंदबाज़
इस मैच में कोलकाता के गेंदबाज़ छाये रहे. वरुण चक्रवर्ती ने 14 रन देकर 3 विकेट झटके तो सुनील नरेन ने 26 रन देकर 2 विकेट झटके. उत्तर प्रदेश के 25 साल के पेसर कार्तिक त्यागी ने सिर्फ़ 22 रन देकर शिमरन हेटमायर, रविन्द्र जडेजा और रवि बिश्नोई के अहम विकेट झटके और राजस्थान की टीम धमाकेदार शुरुआत के बावजूद 9 विकेट पर 155 रन ही बना सकी.
0, 0 पर निपटे कोलकाता के ओपनर्स
156 के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत सबसे ख़राब शुरुआत कही जी सकती है. टिम साइफर्ट और कप्तान अजिंक्य रहाणे 0 और 0 के स्कोर के साथ पैवेलियन लौटे. जोफ़्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर आग उगलते रहे. फॉर्म में खेल रहे अंडर-19 वर्ल्ड चैंपियन अंगकृश रघुवंशी भी 19 गेंदों पर 10 रन बनाकर रविंद्र जडेजा को विकेट गंवा बैठे. बेहद महंगे कैमरुन ग्रीन एक बार फिर 13 गेंदों पर 27 रन बनाकर सस्ते में लौटे.
फ़िनिशर रिंकू का ‘अनुकूल' धमाका, कैच क्यों छोड़ा?
रिंकू की आज भी सबसे बड़ी पहचान ये रही है कि उन्होंने 2023 में यश दयाल की गेंद पर गुजरात के ख़िलाफ़ आख़िरी ओवर में 5 छक्के लगाये और रातोंरात क्रिकेट की दुनिया में अपना नाम कमा लिया. वो घरेलू क्रिकेट में उत्तर प्रदेश के लिए बड़ी पारियां और मैच फडिनिशर दोनों का रोल निभाते रहे. इस सीज़न भी रिंकू पिछली 6 पारियों में अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके थे.
पिछली 6 पारियों में रिंकू ने 33*, 35, --, 4, 6, 1 रन बनाये. लेकिन आख़िरकार राजस्थान जैसी मज़बूत टीम के ख़िलाफ़ सिर्फ़ 34 गेंदों पर 5 चौके और 2 छक्के लगाकर 156 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 53 रन बनाये. दूसरे सिरे पर झारख़ंड के ऑलराउंडर अनुकूल राय ने 16 गेंदों पर नाबाद 29 रन बनाकर रिंकू का भरपूर साथ दिया. रिंकू को 8 के स्कोर पर जडेजा की गेंद पर बर्गर ने ड्रॉप किया और राजस्थान ने इसका बड़ा खामियाज़ा भुगता.
रिंकू ने 18.4 ओवर में बृजेश शर्मा को छक्का लगाकर कोलकाता के लिए जीत के साथ मैच ख़त्म किया. शाह रुख़ के फ़िल्म की एक लाइन आज रिंकू और कोलकाता के फ़ैन्स की ज़ुबान पर ज़रूर बार-बार आएगी- ‘हार के जीतनेवाले को बाज़ीगर कहते हैं!'
यह भी पढ़ें: KKR vs RR, IPL 2026: 'बचकानी गलतियां हुईं...' रियान पराग ने बताया आखिर कोलकाता के खिलाफ मैच में कहां हुई चूक














