Jasprit Bumrah vs Arshdeep Singh: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत-इंग्लैंड के बीच जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल खेला जाना है. फैंस की नजरें इस मुकाबले में जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पर नजरें होंगी, जिनके बीच नंबर-1 बनने की एक अलग ही रेस चल रही है. जसप्रीत और अर्शदीप भारत के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं. अगर भारत खिताबी मुकाबले में पहुंचता है तो ऐसी सूरत में दोनों के पास 1 मैच और होगा और यह देखना बड़ा दिलचस्प होगा कि टूर्नामेंट के समाप्त होने पर कौन बाजी मारता है.
चल रही अलग रेस
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्शदीप ने 20 पारियों में भारत के लिए 35 विकेट झटके हैं. बुमराह के नाम भी इतने ही विकेट हैं, लेकिन उन्होंने 24 पारियां ली हैं. दोनों ने जारी टूर्नामेंट में ही रविचंद्रन अश्विन का रिकॉर्ड ध्वस्त किया है, जिनके नाम 24 पारियों में 32 विकेट थे.
| टी20 वर्ल्ड कप में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय | ||||
| खिलाड़ी का नाम | पारी | विकेट | औसत | इकॉनमी |
| अर्शदीप सिंह | 20 | 35 | 15.2 | 7.5 |
| जसप्रीत बुमराह | 24 | 35 | 14.2 | 5.6 |
| आर अश्विन | 24 | 32 | 17.3 | 6.5 |
| हार्दिक पांड्या | 28 | 30 | 24.6 | 8.6 |
| रवींद्र जडेजा | 29 | 22 | 28.9 | 7.2 |
अगर मौजूदा टूर्नामेंट में दोनों के प्रदर्शन की बात करें तो बुमराह ने 6 मैचों की इतनी ही पारियों में 9 विकेट झटके हैं. जबकि अर्शदीप के नाम 8 विकेट हैं. अर्शदीप यहां पर बुमराह से पीछे हैं. लेकिन उनकी नजरें बुमराह को पछाड़ने पर होगी.
वहीं इंग्लैंड के खिलाफ दोनों के रिकॉर्ड की बात करें तो बुमराह ने 5 पारियों में 9 विकेट झटके हैं. इस दौरान उनका औसत 9.1 का है और इकॉनमी 5.3 का, जबकि बॉलिंग स्ट्राइक रेट 10.2 का है. जबकि अर्शदीप ने 6 मैचों में 6 विकेट झटके हैं. अर्शदीप का औसत 23.7 का है और इकॉनमी 7.4 की जबकि बॉलिंग स्ट्राइक रेट 19.1 का है.
बुमराह होंगे खास क्लब में शामिल
वहीं इंग्लैंड के खिलाफ नॉकआउट मुकाबले में जसप्रीत के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में '500' विकेट के आंकड़े को छूने का गोल्डन चांस होगा. बुमराह ने साल 2016 से अब तक 234 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 20.6 की औसत के साथ 499 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उन्होंने जुलाई 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ 19 रन देकर 6 विकेट निकाले थे.
जसप्रीत बुमराह ने अपने टेस्ट करियर में 52 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 99 पारियों में 234 विकेट हासिल किए. वहीं, 89 वनडे मुकाबलों में इस दाएं हाथ के गेंदबाज ने 149 विकेट निकाले हैं. 93 टी20 मुकाबलों में बुमराह 116 विकेट प्राप्त कर चुके हैं. अब तक 7 भारतीय गेंदबाज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (वनडे, टी20 और टेस्ट) में 500 विकेट के आंकड़े को छू चुके हैं.
यह भी पढ़ें: IPL 2026: फैंस के लिए खुशखबरी, विराट कोहली की चिन्नास्वामी में होगी वापसी, RCB खेलेगी इतने मैच












