IPL के फाइनल में हदें पार करता रोमांच: 1 रन से जीत, असंभव चेज; कैसे 'लास्ट बॉल थ्रिलर' ने बनाई लीग की पहचान?

IPL में हाई वोल्टेज ड्रामा ने असंभव को संभव बनाया. धोनी, रोहित, बुमराह, वॉर्न, मलिंगा और PAK खिलाड़ी भी... अंतिम ओवर में जब रोमांच ने हदें पार कर दीं.

विज्ञापन
Read Time: 8 mins
IPL का पहला फाइनल जीतने के बाद शेन वॉर्न की टीम
AFP
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • IPL के कई मुकाबलों के दौरान आखिरी ओवर में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला है.
  • ये वो पल हैं जो आईपीएल को दुनिया की सबसे रोमांचक क्रिकेट लीग बनाते हैं.
  • खास कर जब ये रोमांच टूर्नामेंट के फाइनल में दिखे तो फिर यह अपनी सभी हदें पार कर जाता है.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

IPL एक ऐसा प्रीमियर लीग बन चुका है जहां हर साल कुछ ऐसे मुकाबले खेले जाते हैं जिसे देखने वालों की सांसें आखिरी गेंद तक थमी रहती हैं. खास कर जब मुकाबला फाइनल का हो और रोमांच अपनी हदें पार कर रहा हो, तो यह और भी यादगार बन जाता है. आईपीएल के इतिहास में कई ऐसे मैच हुए हैं जिन्होंने 'लास्ट बॉल थ्रिलर' के रूप में इस लीग को पहचान बना दी है. चलिए कुछ ऐसे ही मैचों के बारे में बताते हैं जहां करोड़ों फैंस की धड़कनें उसी एक पल पर टिक गईं.

आखिरी ओवर का ऐतिहासिक चेज

इसकी शुरुआत करते हैं 2008 से उस रोमांचक फाइनल से जहां टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमें राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स आपस में टकरा रही थीं और यह मुकाबला आखिरी ओवर में गया. आईपीएल के पहले सीजन के इस फाइनल मुकाबले की कहानी किसी बॉलीवुड फिल्म से कम नहीं थी. शेन वॉर्न ने टॉस जीत कर चेन्नई को पहले बल्लेबाजी के लिए उतारा. सुरेश रैना के 43, पार्थिव पटेल के 38 रन और धोनी के नाबाद 29 रनों की बदौलत चेन्नई ने 163 रन बनाए.

मैच से पहले यूसुफ पठान से बात करते हुए राजस्थान रॉयल्स के कप्तान शेन वॉर्न
Photo Credit: AFP

जवाब में  यूसुफ पठान के जोरदार 56 रनों की बदौलत राजस्थान ने 17 ओवरों तक पांच विकेट पर 139 रन बना लिए थे. लेकिन 17वें ओवर की अंतिम गेंद और 18वें ओवर की पहली और चौथी गेंद पर मोहम्मद कैफ, रवींद्र जडेजा और यूसुफ पठान के आउट होने पर इस मुकाबले ने अचानक धोनी की टीम की ओर अपना रुख मोड़ लिया. अंतिम दो ओवर में जीत के लिए 18 रन चाहिए थे. 19वें ओवर की शुरुआती पांच गेंदों पर केवल पांच रन बने. लेकिन छठी गेंद पर शेन वॉर्न ने चौका जमा दिया. 

अब अंतिम छह गेंदों पर आठ रन बनाने थे. धोनी ने 3 ओवरों में 34 रन दे चुके लक्ष्मीपति बालाजी को गेंद थमाई. बालाजी ने भी शुरुआती तीन गेंदें कमाल की डालीं, केवल दो ही रन बनने दिए. यहां जीत के लिए अगली तीन गेंदों पर छह रन चाहिए थे. पर चौथी गेंद को बालाजी ने वाइड डाल दिया, जिस पर दो रन बने. अब नजारा बदल गया, अंतिम तीन गेंदों पर चार रन ही चाहिए थे लेकिन अगली गेंद पर वॉर्न एक रन ही ले सके. अब सामने तनवीर सोहेल थे. बालाजी उन्हें यॉर्कर डालना चाहते थे. लेकिन यह पांचवीं गेंद फुल टॉस हो गई. 

Advertisement

चेन्नई के खिलाफ टूर्नामेंट में पहली बार बल्लेबाजी कर रहे सोहेल तनवीर ने इसे लॉन्ग लेग की ओर खेल दिया और दो रन लेकर मैच को बराबरी पर ला दिया. अब अंतिम गेंद पर केवल एक रन चाहिए था. तनवीर ने कोई गलती नहीं की और न केवल राजस्थान के लिए बल्कि आईपीएल के लिए एक फेयरीटेल स्टोरी लिख दी.

ये भी पढ़ें: धोनी और CSK को जब इस पाकिस्तानी क्रिकेटर ने किया था परेशान, बार-बार हराने में था बड़ा हाथ

Advertisement

इस आईपीएल में स्टीव स्मिथ, धोनी के कप्तान थे
Photo Credit: AFP

जब एक गेंद ने बदल दी पूरी कहानी

2017 का फाइनल आईपीएल इतिहास के सबसे लो-स्कोरिंग लेकिन हाई-वोल्टेज मुकाबलों में से एक था. मुंबई इंडियंस vs राइजिंग पुणे सुपरजायंट के इस मुकाबले में मुंबई ने सिर्फ 129 रन बनाए, लेकिन असली ड्रामा आखिरी ओवर में देखने को मिला. हालांकि असली खेल तो बुमराह ने 17वें ओवर में ही सेट कर दिया था, इस ओवर में उन्होंने केवल तीन रन देकर धोनी को आउट किया था. हालांकि पुणे के कप्तान स्टीव स्मिथ विकेट पर जमे हुए थे और इस छोटे से स्कोर को चेज करने में अगले दो ओवरों के दौरान चौका और छक्का जमाते हुए अपना अर्धशतक पूरा किया था. अंतिम दो ओवरों में 23 रन बनाने थे, 19वें ओवर में स्मिथ ने 12 रन ठोक डाले.

Photo Credit: AFP

रोहित का पैंतरा

रोहित ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी मिशेल जॉनसन को दी. पुणे को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे. सामने थे तिवारी, जिन्होंने अब तक छह गेंदों पर केवल तीन रन बनाए थे. लेकिन जॉनसन की पहली ही गेंद पर तिवारी ने चौका जमा दिया. अगली गेंद को तिवारी फिर लॉन्ग ऑन के ऊपर से मारना चाहते थे लेकिन पोलार्ड ने उन्हें लपक लिया. तीसरी गेंद पर कप्तान स्टीव स्मिथ भी स्वीपर कवर पर अंबाती रायडू के हाथों लपके गए. इस तरह दो गेंदों पर दो विकेट लेकर मिशेल जॉनसन ने मैच पलट दिया. वाशिंगटन सुंदर पिच पर आए. अंतिम तीन गेंदों पर जीत के लिए सात रन चाहिए थे. अगली दो गेंदों पर केवल 3 रन बन सके. आखिरी गेंद पर 4 रन चाहिए थे, लेकिन दो रन लेने के बाद सुंदर रन आउट हो गए और पुणे की जीत का सपना टूट गया. मुंबई ने सिर्फ 1 रन से खिताब जीत लिया. 

मैच के बाद रोहित बोले, "मुझे अपने गेंदबाजों पर भरोसा था. तीन ओवर बाकी थे, ऐसे सिचुएशन में वो पहले भी अपना काम कर चुके हैं. वो अपने काम में माहिर हैं. मैंने बस उनसे कहा कि वो जो चाहें वो करें और उसी के हिसाब से फील्ड जमाएं."

रोहित का ये पैंतरा काम आ गया और टीम चैंपियन बन गई.

Photo Credit: BCCI

आईपीएल का शायद सबसे यादगार फाइनल

2019 का फाइनल मुंबई इंडियंस vs चेन्नई सुपरकिंग्स था. मुंबई ने फिर एक लो स्कोर 149 रन बनाए. रोहित, सूर्यकुमार और ईशान किशन ने मिलकर कुल 53 रन बनाए. हालांकि किरोन पोलार्ड के नाबाद 41 रनों की बदौलत मुंबई की टीम ये स्कोर भी बना पाई. इस लो स्कोर के बावजूद मुंबई के गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह, राहुल चाहर और हार्दिक पांड्या ने मिलकर 9 ओवरों में केवल केवल 31 रन ही खर्चे.

Advertisement

एक वक्त ये आ गया था कि चेन्नई को जीतने के लिए 12.40 रन प्रति ओवर चाहिए थे जबकि अभी 5 ओवर बाकी थे. लेकिन शेन वाटसन अकेले दम पर यह मैच चेन्नई की झोली में डालने पर आमदा हो गये. तब तक वो 42 गेंदों पर 42 रन बना कर खेल रहे थे. अगले (16वें) ओवर में वाटसन ने लसिथ मलिंगा की गेंद पर तीन चौके और एक छक्का जमाया.इसके बाद बुमराह आए तो 17वें ओवर में केवल चार रन ही बन सके. फिर 18वें ओवर में क्रुणाल पांड्या की गेंद पर हैट्रिक छक्का जमाकर वाटसन ने पूरे स्टेडियम में सनसनी पैदा कर दी.

ये भी पढ़ें: IPL 2026 से पहले मुंबई में कप्तानों की बड़ी बैठक खत्म, बदले नियमों पर हुई साफ-साफ बात

Photo Credit: BCCI

मलिंगा से पहले बुमराह का जादू

अंतिम दो ओवरों में केवल 18 रन जीत के लिए चाहिए थे पर बुमराह ने पांच गेंदों पर केवल पांच रन ही बनने दिए, आखिरी गेंद पर बाइ से चार बन बना. वाटसन इस ओवर में केवल एक गेंद ही खेल सके. अब अंतिम ओवर में जीत के लिए चेन्नई को 12 रन बनाने थे. अंगूठा को चूर करने वाले अपने यॉर्कर के लिए मशहूर लसिथ मलिंगा को रोहित ने बुलाया और उन्होंने निराश नहीं किया. शुरुआती चार गेंदें यॉर्कर डालीं. वाटसन को चलता किया. पांचवीं गेंद पर दो रन बने और मैच आखिरी गेंद तक पहुंच गया. यहां केवल दो रन जीत के लिए चाहिए थे और मलिंगा ने एक बार फिर शानदार यॉर्कर डाली और शार्दुल ठाकुर एलबीडब्ल्यू आउट करार दिए गए. इसी के साथ मुंबई ने एक बार फिर सिर्फ 1 रन से रोमांचक फाइनल जीत लिया. ये आईपीएल के इतिहास की शायद सबसे यादगार जीत थी.

Advertisement

Photo Credit: BCCI

मलिंगा से पहले हार्दिक को 20वां ओवर देने की सोच रहे थे रोहित

मैच के बाद रोहित ने बताया कि वो 20वां ओवर हार्दिक को देने की सोच रहे थे, हालांकि उन्होंने ये स्पष्ट किया कि वो किसी ऐसे को चुनना चाहते थे जिसने पहले भी टीम के लिए ऐसा किया हो. मलिंगा पहले भी ऐसा कर चुके थे, तो यह चयन बहुत मुश्किल फैसला नहीं रहा. फिर वो मलिंगा के बारे में बोले कि चैंपियन यही करते हैं. तीसरा ओवर खराब डालने के बावजूद मुझे उन पर पूरा यकीन था. उन्हें खुद भी भरोसा था कि वे ये कर सकते हैं.  

फिर जब बारिश से बाधित 2023 के फाइनल मुकाबले में रवींद्र जडेजा ने आखिरी दो गेंदों पर एक छक्का और एक चौका लगाकर चेन्नई को उसका पांचवां खिताब दिलाया तो धोनी ने जडेजा को गले लगाया और खुशी में उन्हें उठा लिया. तब ये पिक्चर और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हुआ था.

ये तो फाइनल मुकाबलों की बात है लेकिन ऐसे कई मुकाबले और भी खेले गए हैं जिनमें अंतिम ओवर निर्णायक होता रहा है. आईपीएल की सबसे बड़ी खासियत यही रही है कि यहां आखिरी गेंद तक कुछ भी तय नहीं होता. 1 रन से जीत, आखिरी गेंद पर विकेट, असंभव लगने वाला चेज और गेंदबाज की दमदार वापसी जैसे कारनामे यहां गाहे-बगाहे होते हैं. तब ही ये दुनिया के सबसे रोमांचक क्रिकेट लीग में तब्दील हो गया है जिसके कारनामों के चर्चे न केवल टूर्नामेंट के दरम्यान, बल्कि कई सालों बाद तक होते हैं.

Featured Video Of The Day
ईरान के चक्रव्यूह में फंस गया अमेरिका? अब क्या करेंगे ट्रंप मियां