लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के कप्तान ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 (IPL 2026) की शुरुआत से पहले भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रहे युवराज सिंह के साथ कुछ समय बिताया था. लेफ्टी बल्लेबाज ने अपने खेल की खामियों को दूर करने पर काम किया था. पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि पंत के साथ काम करते समय युवराज का मुख्य जोर उनकी मानसिक मजबूती बढ़ाने पर था. पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'ऋषभ पंत के साथ काम करते समय युवराज का मुख्य जोर उनकी बल्लेबाजी तकनीक पर नहीं, बल्कि लंबी और गहन चर्चाओं के जरिए उनकी मानसिक मजबूती बढ़ाने पर था. इसके साथ ही, युवराज ने इस बात पर भी जोर दिया कि पंत जैसे विकेटकीपर-बल्लेबाज को नंबर 3 पर ही खिलाया जाना चाहिए, ताकि वह पावरप्ले के दौरान वह अपनी बल्लेबाजी का ज्यादा से ज्यादा असर दिखा सकें.
उन्होंने कहा, 'यह बहुत जरूरी है कि ऋषभ पंत को पावरप्ले के दौरान बैटिंग करने का मौका मिले. निकोलस पूरन ने उनके लिए नंबर 3 पर बैटिंग की है, लेकिन ऋषभ पंत की बैटिंग की जगह नंबर 3 पर पक्की होनी चाहिए, ताकि उन्हें पावरप्ले में बैटिंग करने का मौका मिल सके. इसलिए, मेरा मानना है कि उनकी जगह पक्की कर देनी चाहिए. युवराज सिंह के साथ काम करने के बाद मैंने युवी से बात की. और युवी ने मुझे बताया कि तकनीकी पहलुओं से ज्यादा ऋषभ के मानसिक पहलू पर काम किया. 3-4 घंटे का सेशन सिर्फ बातचीत के लिए था.'
पठान ने कहा,'ऋषभ पंत पर इस सीजन में बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी. हमें देखना होगा कि इस टीम को क्वालिफाई करवाने के लिए वह क्या करते हैं. अब तक मैंने उन्हें जितना देखा है, वह ज्यादा फिट और केंद्रित नजर आ रहे हैं. उन्होंने युवराज सिंह के साथ भी 4-5 दिन बिताए हैं. अब हमें देखना होगा कि वह उन सीखी हुई बातों को मैदान पर कैसे उतारते हैं. पिछले साल वह हमेशा दबाव में लगते थे. ऐसा लगता था कि वह क्रिकेट का मजा नहीं ले रहे हैं. उन्हें क्रिकेट का मजा लेना चाहिए.'
यह भी पढ़ें: शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा राजस्थान रॉयल्स की डील रोकने कंपनी ट्रिब्यूनल पहुंचे, अपनी हिस्सेदारी का दावा














