IPL 2026: RCB के सामने खिताब बचाकर इतिहास रचने की चुनौती, बेंगलुरु पहुंचे किंग कोहली

Virat Kohli RCB Challenge IPL Trophy Defend: आरसीबी आईपीएल 2026 में चैंपियन के रूप में उतरेगी. टीम का मुख्य लक्ष्य अपने खिताब का बचाव करना होगा. आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
IPL 2026 Virat Kohli Arrives Bengaluru:

Virat Kohli RCB Challenge IPL Trophy Defend: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली आईपीएल 2026 के लिए टीम से जुड़ गए हैं. कोहली बुधवार सुबह बेंगलुरु पहुंचे. टीम मैनेजमेंट, खिलाड़ियों और फैंस को कोहली का बेसब्री से इंतजार था. बेंगलुरु पहुंचने से पहले कोहली लंदन में ही अभ्यास कर रहे थे. कोहली ने अपने अभ्यास की एक तस्वीर भी अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डाली थी जिसे आरसीबी ने अपने आधिकारिक एक्स प्लेटफॉर्म पर शेयर किया था. कोहली के टीम से जुड़ने के बाद अभ्यास सत्र में जोश और तेजी आएगी. 

आरसीबी आईपीएल 2026 में चैंपियन के रूप में उतरेगी. टीम का मुख्य लक्ष्य अपने खिताब का बचाव करना होगा. आरसीबी ने आईपीएल 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था. आरसीबी को चैंपियन बनाने में विराट कोहली का अहम योगदान रहा था. फ्रेंचाइजी के लिए पारी की शुरुआत करने वाले विराट कोहली ने पिछले सीजन में 15 मैचों में 54.75 की औसत और 144.71 की स्ट्राइक रेट से 657 रन बनाए थे. इस दौरान उनके बल्ले से 8 अर्धशतक निकले थे. कोहली ने 66 चौके और 19 छक्के भी लगाए थे. 

आरसीबी को अगर आईपीएल 2026 में अपने खिताब की रक्षा करनी है, तो इसमें विराट कोहली की भूमिका अहम होने वाली है. टीम प्रबंधन शीर्ष क्रम में एक बार फिर उनसे निरंतर बेहतर और प्रभावी प्रदर्शन की उम्मीद करेगी.

Advertisement

हालांकि, विराट कोहली आरसीबी के साथ पहले सीजन से जुड़े हुए हैं. उनके प्रदर्शन में निरंतरता रहती है. लगभग हर साल वह टीम की तरफ से शीर्ष स्कोरर रहते हैं. कोहली लीग के इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाज हैं. उनके नाम सर्वाधिक रन और शतक का रिकॉर्ड है. कोहली ने 267 मैचों में 8 शतक और 63 अर्धशतक लगाते हुए 8,661 रन बनाए हैं. विराट 2013 से 2021 तक आरसीबी के कप्तान भी रहे हैं. कोहली की कप्तानी में आरसीबी 2016 का फाइनल खेली थी, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं रही थी. 

आरसीबी ने पिछले सीजन अपना पहला खिताब रजत पाटीदार की कप्तानी में जीता था. आईपीएल 2026 में भी पाटीदार की कप्तानी और बल्लेबाजी पर आरसीबी फैंस की नजर रहेगी. आरसीबी और एसआरएच के बीच सीजन का पहला मैच 28 मार्च को खेला जाएगा. 

Advertisement
Featured Video Of The Day
दिल्ली अग्निकांड VIDEO: जब फायर ब्रिगेड की सीढ़ी नहीं पहुंची तो बचने के लिए कूदा शख्स