जब पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद ने 'जबर्दस्त हंगामा' किया, तो चर्चा तो तभी से शुरू हो गई थी. पिछले सीजन में हैदराबाद ने राजस्थान के खिलाफ 286/6 और फिर एक दिन बाद केकेआर के खिलाफ 278/3 का स्कोर खड़ा किया, तो फैंस और पूर्व पंडित तभी आईपीएल में तीन सौ रन बनने को लेकर चर्चा करनी शुरू कर चुके थे. और अब दिग्गज अश्विन ने साफ-साफ बोल दिया है कि साल 2026 में तीन सौ का आंकड़ा जरूर बनेगा. अपने चैनल ऐश के बात पर अश्विन ने कहा कि कुछ बैटिंग के अनुकूल पिच, कुछ विध्वंसक बैटिंग लाइन-अप और कुछ कमजोर गेंदबाजी इस बार 'मिशन 300' हासिल करने में मदद कर सकती है.
उन्होंने कहा, 'वास्तव में मिशन 300 जारी है. इस बार मुझे यह भीतर से अहसास हो रहा है कि 300 का स्कोर पार होगा . मैं कुछ टीमों की बैटिंग लाइन की ओर देख रहा हूं, तो कुछ टीमों की गेंदबाजी खासी कमजोर है. ऐसे में अगर विकेट अच्छे निकल, तो फिर 300 का आंकड़ा पार हो सकता है.' अश्विन ने यह भी याद दिलाया कि हाल के सीज़नों में आईपीएल एक रन‑फेस्ट में बदल गया है. खास तौर पर इम्पैक्ट प्लेयर नियम के बाद टीमों को अतिरिक्त बल्लेबाज़ मिलता है, जिससे शुरुआत से ही आक्रामक खेल संभव हुआ है. पिछले कुछ सीज़नों में कई 250+ स्कोर बने हैं, जिनमें बड़ी भूमिका सनराइजर्स हैदराबाद की रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि आईपीएल इतिहास में अब तक का सर्वोच्च स्कोर 287 रहा है, लेकिन मौजूदा ट्रेंड को देखते हुए 300 का आंकड़ा दूर नहीं लगता. ओपनिंग मैच की बात करते हुए अश्विन ने जॉश हेज़लवुड और पैट कमिंस की अनुपस्थिति का ज़िक्र किया और कहा कि हेज़लवुड की गैरमौजूदगी RCB के लिए ज़्यादा बड़ा नुकसान है, क्योंकि वह नई गेंद, डेथ ओवर्स और मूवमेंट के मामले में बेहद असरदार गेंदबाज़ हैं.














