Ravindra Jadeja Explains Aggressive Send-Off To Shivam Dube: सोमवार को बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके के खिलाफ मैच में जडेजा ने बेहतरीन गेंदबाजी की। सीएसके की पारी की समाप्ति के बाद आरआर में लौटने और अपनी गेंदबाजी पर जडेजा ने बातचीत की। आरआर में अपनी वापसी पर इस दिग्गज ऑलराउंडर ने कहा कि मुझे लगता है कि मुझ पर गुलाबी रंग अच्छा लगता है.जडेजा ने सीएसके को एक ही ओवर में दो झटके दिए. उन्होंने सरफराज खान और शिवम दुबे जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को एक ही ओवर में आउट कर सीएसके की कमर तोड़ दी. उन्होंने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए. लेकिन मैच के दौरान दुबे को आउट करने के बाद उन्होंने जिस तरह से जश्न मनाया उसकी खूब चर्चा हो रही है. जब CSK का बल्लेबाज़ पवेलियन लौट रहा था, तो जडेजा ने अपने जोशीले "गन-शॉट" सेलिब्रेशन से सभी को चौंका दिया.
अपनी "गन-शॉट" सेलिब्रेशन पर जडेजा ने कहा, "मैं शिवम दुबे को काफी समय से जानता हूं. उसके खिलाफ नेट्स में काफी गेंदबाजी की है, इसलिए पता है कि वह स्पिनरों का सामना कैसे करते हैं. मैं इसके लिए तैयार था और मैंने ऑफ-स्टंप के बाहर गेंदबाजी करने की कोशिश की। मुझे पता था कि वह मेरे खिलाफ बड़े शॉट खेलने की कोशिश करेंगे. मुझे लगा कि विकेट थोड़ा चिपचिपा है और गेंद टर्न हो रही है, इसलिए मुझे गेंदबाजी करने में बहुत मजा आया. मेरा काम बस सही जगहों पर गेंद डालना था और बाकी काम पिच पर छोड़ देना था."
बता दें कि रवींद्र जडेजा की आरआर के साथ यह दूसरी पारी है.आरआर ने शेन वॉर्न की कप्तानी में 2008 में खेला गया आईपीएल का पहला सीजन जीता था. जडेजा उस टीम के सदस्य रहे हैं. जडेजा 2012 में सीएसके के साथ जुड़ गए थे और 2025 तक टीम का हिस्सा रहे। इस बीच, 2016 और 2017 में वह गुजरात लायंस के लिए खेले थे. इन दोनों सीजन में सीएसके प्रतिबंधित थी.
जडेजा सीएसके के दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं और कई बार टीम को चैंपियन बनाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है. 2023 के फाइनल में आखिरी 2 गेंदों पर जडेजा ने चौका और छक्का लगाकर सीएसके को आखिरी बार चैंपियन बनाया था. उस पारी को शायद ही कोई सीएसके फैन भूलेगा.














