RCB Will Face CSK in Season Opner: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कहा है कि IPL 2026 का शेड्यूल बुधवार (11 मार्च) को शाम 7 बजे जारी किया जाएगा. टूर्नामेंट 28 मार्च को शुरू होगा, जबकि फाइनल 31 मई को खेला जाएगा. इससे पहले, बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने मंगलवार को बताया था कि बोर्ड शुरुआत में सिर्फ 20 दिनों का शेड्यूल देगी. पश्चिम बंगाल, केरल, तमिलनाडु और असम में चुनाव होने हैं और आयोग ने अभी तक तारीखों का ऐलान नहीं किया है. रिपोर्ट्स की मानें तो चुनावों की तारीख और मैच-डे के बीच किसी भी टकराव से बचने के लिए बीसीसीआई ने फैसला लिया है कि दो हिस्सों में शेड्यूल का ऐलान होगा. यह तो तय है कि आईपीएल का ओपनिंग मुकाबला आरसीबी अपने होम ग्राउंड पर खेलेगी. एक रिपोर्ट में दावा है कि यह मैच पंजाब किंग्स के खिलाफ नहीं बल्कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, इंडियन प्रीमियर लीग सीज़न 19 के ओपनर में 2025 एडिशन के डिफेंडिंग चैंपियन और रनर-अप शामिल नहीं होंगे. फाइनलिस्ट रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स सीज़न के पहले दो दिन अलग-अलग मैच खेलेंगे. आमतौर पर, टूर्नामेंट की शुरुआत हाई-प्रोफाइल टीमों के बीच होती है, जिसमें परंपरागत रूप से डिफेंडिंग चैंपियन शामिल होते हैं. इस साल, पहला मैच चैंपियन RCB और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच हो सकता है. ब्रांड फाइनेंस और डफ एंड फेल्प्स के अनुसार, CSK, RCB, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स को लीग की टॉप चार मार्की टीमों में माना जाता है. वहीं रनर-अप पंजाब किंग्स अपना पहला मैच 29 मार्च को अपने होम ग्राउंड मुलनपुर में गुजरात टाइटन्स से खेलेगी.
आज जारी होगा शेड्यूल
बीसीसीआई आज आईपीएल 2026 का शेड्यूल जारी करेगी. स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार पर शेड्यूल ऐलान लाइव दिखा जाएगा. देवजीत सैकिया ने मंगलवार को कहा,"फिलहाल, हम आईपीएल के पहले 20 दिनों का शेड्यूल जारी करने जा रहे हैं."
फ्रेंचाइजी ने शुरू किया अभ्यास
पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स ने 1 मार्च को नवलूर स्थित अपने हाई-परफॉर्मेंस सेंटर में अभ्यास शुरू कर दिया है. वहीं, मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 10 फरवरी को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में एक छोटा-सा तैयारी शिविर आयोजित किया था, जबकि 2022 की चैंपियन गुजरात टाइटंस ने नाथद्वारा के मिराज इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में दो बार अभ्यास सत्र आयोजित किए थे.
पंजाब किंग्स ने फरवरी की शुरुआत में अबू धाबी में अभ्यास किया था. फिलहाल टीम के खिलाड़ी धर्मशाला में अभ्यास शिविर में हिस्सा ले रहे हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने 1 मार्च को अपने घरेलू खिलाड़ियों के साथ अपना शिविर शुरू किया था. पांच बार की विजेता मुंबई इंडियंस भी आगामी सीजन के लिए अपना अभ्यास शुरू कर चुकी है.
कोलकाता नाइट राइडर्स 18 मार्च को अपना प्री-सीजन शिविर शुरू करेगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स के 15 मार्च से जयपुर में एक अभ्यास शिविर के लिए इकट्ठा होने की उम्मीद है. दिल्ली कैपिटल्स ने हाल ही में हैदराबाद में एक शिविर आयोजित किया था. अब इस टीम के दिल्ली में भी एक शिविर आयोजित करने की उम्मीद है. इस बीच लखनऊ सुपर जायंट्स ने लखनऊ में एक तैयारी सत्र आयोजित किया था.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup: फाइनल में अर्शदीप ने डेरेल मिचेल को मारी थी गेंद, अब कोच गौतम गंभीर ने दिया चौंकाने वाला बयान
यह भी पढ़ें: Pakistan vs Bangladesh 1st ODI Live Streaming: शुरू होगी वनडे वर्ल्ड 2027 की तैयारी, जानें कब और कहां देखें मुकाबला














