IPL 2026 New Rules by BCCI: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज 28 मार्च से होने रहा है. इससे पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टीमों के अभ्यास सत्र को लेकर कई नए और सख्त नियम तय किए हैं. इन निर्देशों के अनुसार सभी फ्रेंचाइजियों को अभ्यास के दौरान पिच और नेट के इस्तेमाल से जुड़े कुछ विशेष प्रोटोकॉल का पालन करना होगा. नए नियमों में कहा गया है कि किसी भी टीम को उस पिच या नेट पर अभ्यास करने की अनुमति नहीं होगी, जिसका इस्तेमाल पहले किसी दूसरी टीम ने अपने नेट सत्र के दौरान किया हो. अगर दो टीमें एक के बाद एक अभ्यास करती हैं, तो हर टीम के लिए अलग और नई पिच उपलब्ध कराई जानी चाहिए. यहां तक कि यदि पहली टीम अपना अभ्यास जल्दी समाप्त कर दे, तब भी दूसरी टीम को उसके इस्तेमाल किए गए नेट या रेंज-हिटिंग विकेट का उपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
अभ्यास की व्यवस्था के तहत दोनों टीमों को दो-दो नेट दिए जाएंगे, जबकि रेंज-हिटिंग के लिए मुख्य स्क्वायर पर एक अतिरिक्त नेट उपलब्ध रहेगा. यदि अभ्यास सत्र के समय या कार्यक्रम को लेकर कोई विवाद होता है, तो ऐसी स्थिति में मेहमान टीम को प्राथमिकता देने की बात भी दिशानिर्देशों में कही गई है. हालांकि घरेलू टीम को अपने पसंदीदा समय का पहला विकल्प मिलेगा, लेकिन अगर मेहमान टीम ने पिछले दिन मैच खेला हो या उसकी यात्रा से जुड़ी विशेष परिस्थितियां हों, तो उसके अनुरोध पर भी विचार किया जाएगा.
पिच की तैयारी को ध्यान में रखते हुए एक और नियम लागू किया गया है. किसी भी फ्रेंचाइज़ी के सीजन के पहले घरेलू मुकाबले से चार दिन पहले तक मुख्य पिच पर न तो अभ्यास सत्र होंगे और न ही अभ्यास मैच खेले जा सकेंगे. इस दौरान अगर घरेलू टीम चाहे, तो राज्य क्रिकेट संघ को उसके लिए बिना शुल्क के वैकल्पिक अभ्यास मैदान उपलब्ध कराना होगा.
टीमें चाहें तो अभ्यास मैच भी खेल सकती हैं, लेकिन इसकी संख्या अधिकतम दो ही रखी गई है और इसके लिए पहले से बोर्ड को सूचित करना जरूरी होगा. साथ ही ये अभ्यास मैच उस पिच पर नहीं खेले जाएंगे, जिसका उपयोग आधिकारिक मैच के लिए तय किया गया हो.
अगर कोई टीम रोशनी में अभ्यास मैच आयोजित करना चाहती है, तो उसकी अवधि भी सीमित रखी गई है. ऐसे मैच साढ़े तीन घंटे से ज्यादा लंबे नहीं होने चाहिए. इन नियमों का उद्देश्य अभ्यास सत्रों को व्यवस्थित रखना और मुख्य मैचों के लिए पिच की गुणवत्ता बनाए रखना बताया गया है.














