इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत 28 मार्च से हो रही है. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद सीजन ओपनर में भिड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. इस दौरान फैंस की नजरें एक बार फिर विराट कोहली, रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों पर होंगी. अब तक कुल 18 सीजन खेले जा चुके हैं और इस दौरान सिर्फ 5 ही खिलाड़ियों ने 100 या उससे ज्यादा कैच लपके. इनमें 4 भारतीय हैं.
आईपीएल में सर्वाधिक कैच लेने वाले खिलाड़ी
विराट कोहली: इस दिग्गज खिलाड़ी ने आईपीएल करियर में अब तक सिर्फ रॉयल चैलेंजर्स की ओर से खेला है. साल 2008 से 2025 के बीच कोहली 267 मुकाबलों में उतरे, जिसमें 117 कैच लिए. कोहली इस लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं, जिन्होंने 39.54 की औसत के साथ 8,661 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 8 शतक और 63 अर्धशतक निकले.
सुरेश रैना: भारत के सबसे बेहतरीन फील्डर में से एक सुरेश रैना ने साल 2008 से 2021 के बीच कुल 205 आईपीएल मैच खेले, जिसमें 109 कैच लपके. रैना आईपीएल में सिर्फ 2 ही टीमों से खेले. उन्होंने 32.51 की औसत के साथ 5,528 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 39 अर्धशतक निकले. वह इस लीग में सर्वाधिक रन बनाने वालों में पांचवें स्थान पर हैं.
रवींद्र जडेजा: इस ऑलराउंडर ने आईपीएल करियर में अब तक कुल 254 मैच खेले हैं, जिसमें 109 कैच लपके. भारत के सबसे शानदार फील्डर्स की लिस्ट में जड्डू भी शुमार हैं, जिन्होंने एक ही आईपीएल मैच में 4 कैच लेने का कारनामा भी किया है. जडेजा ने आईपीएल करियर में 27.86 की औसत के साथ 3,260 रन बनाए, जिसमें 5 अर्धशतकीय पारियां शामिल हैं.
कीरोन पोलार्ड: वेस्टइंडीज के इस खिलाड़ी ने साल 2010 के 2022 के बीच आईपीएल करियर में कुल 189 मैच खेले, जिसमें 103 कैच लपके. पोलार्ड ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए 28.67 की औसत के साथ 3,412 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 16 अर्धशतक निकले.
रोहित शर्मा: साल 2008 से अब तक रोहित शर्मा ने आईपीएल करियर में 272 मैच खेले, जिसमें 102 कैच लपके. रोहित आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 29.73 की औसत के साथ 7,046 रन बनाए. इस दौरान रोहित ने 2 शतकीय पारियों के अलावा, 47 अर्धशतक लगाए.
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026: आईसीसी ने किया प्राइज मनी का ऐलान, भारत को मिले करोड़ों, जानें किसके खाते में आए कितने?
यह भी पढ़ें: आलोचकों को टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर ने दिया करारा जवाब














