कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच IPL 2023 का 56वां मुकाबला ईडन गार्डन्स में खेला जा रहा है. राजस्थान रॉयल्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. कोलकाता के होम ग्राउंड पर हो रहे इस मुकाबले में राजस्थान के यजुवेंद्र चहल ने जैसे ही कोलकाता के कप्तान को पवेलियन की राह दिखाई, वैसे ही उन्होंने इतिहास रच दिया. दरअसल, चहल आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए. उन्होंने चेन्नई के पूर्व गेंदबाज ड्वेन ब्रावो को पीछे छोड़ दिया.
आईपीएल में सबसे अधिक विकेट लेने का रिकॉर्ड चेन्नई के पूर्व गेंदबाज ड्वेन ब्रावो के नाम था. ब्रावो ने आईपीएल में 161 मुकाबलों की 158 पारियों में 183 विकेट झटके थे. वहीं अब चलह ने उन्हें पीछे छोड़ दिया है. चहल के नाम अब 143 मैचों की 142 पारियों में 185 विकेट हैं. इस लिस्ट में तीसरे पायदान पर पीयूष चावला हैं, जिन्होंने 176 मैचों में 174 विकेट झटके हैं. अमित मिश्रा 172 विकटों के साथ लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं, जबकि अश्विन 171 विकटों के साथ लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं.
यजुवेंद्र चहल कोलकाता की पारी के 11वें ओवर में गेंदबाजी को आए थे और आते ही उन्होंने अपनी टीम को सफलता दिलाई. चहल ने ओवर की दूसरी ही गेंद पर कोलकाता के कप्तान नितीश राणा को हेटमायर के हाथों कैच आउट करवा पवेलियन की राह दिखाई. राणा 17 गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए.
बात अगर मुकाबलें की करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी को उतरी कोलकाता की शुरुआत खराब रही और टीम को तीसरे ही ओवर में पहला झटका लगा. कोलकाता के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय 10 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद बोल्ट ने गुरबाज के रूप में कोलकाता को दूसरा झटका दिया. पॉवरप्ले के अंदर ही अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो देने के बाद कोलकाता की रफ्तार धीमी हो गई. कोलकाता 10 ओवर पूरे होने के बाद 76 रन ही बनाने में सफल हो पाई थी.
--- ये भी पढ़ें ---
* "IPL 2023: MS Dhoni ने Playoffs से पहले टीम को दिया बड़ा मंत्र, बल्लेबाज़ी को लेकर कह दी बड़ी बात
* VIDEO: MS Dhoni के तूफानी छक्कों का कुछ ऐसे पत्नी Shakshi Dhoni और बेटी Ziva ने मनाया जश्न














