टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही. अपने तेज गेंदबाजों के लिए जाने जाने वाले पाकिस्तान ने टीम इंडिया के खिलाफ स्पिनर से शुरुआत की. पहला ही ओवर स्पिनर और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने डाला. पहले ही ओवर में स्पिनर को उतारना पाकिस्तान के लिए फायदेमंद भी रहा. पहले ही ओवर में टीम इंडिया के ओपनिंग बैट्समैन अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए.
पावर प्ले के 6 ओवरों का खेल हो गया है और पाकिस्तान ने तीन स्पिनरों को उतार दिया है. पहला ओवर सलमान अली आगा ने डाला. उनके बाद सईम अयूब और अबरार अहमद ने गेंद डाली. 5 ओवरों में पाकिस्तान ने अब तक सिर्फ एकमात्र तेज गेंदबाज शाहीन अफरीदी को ही उतारा.
लेकिन सवाल ये कि स्पिनर को क्यों उतारा?
दरअसल, कोलंबो के जिस आर प्रेमदासा स्टेडियम में मैच खेला जा रहा है, वहां की पिच स्पिन गेंदबाजी के लिए अच्छी मानी जाती है. भारत को अपने पिछले दोनों मुकाबलों में स्पिनर को खेलना थोड़ा परेशानी भरा रहा है.
लेकिन पाकिस्तानी स्पिनर खूब धुल रहे
पहले ओवर में अभिषेक शर्मा 0 पर आउट हो गए. इसके बाद क्रीज पर ईशान किशन और तिलक वर्मा डटे हुए हैं. दोनों मिलकर पाकिस्तानी स्पिनर्स को खूब धोया. सलमान आगा अपने दो ओवरों में 10 रन दे चुके हैं. वहीं, सईम अयूब के दो ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने 16 रन बनाए. जबकि, अबरार अहमद के एक ओवर में ही 11 रन बन चुके हैं.
टीम इंडिया का स्कोर 50 के पार
टीम इंडिया की शुरुआत भले ही खराब रही हो लेकिन फिर ईशान किशन और तिलक वर्मा ने पारी को संभाला. पावर प्ले तक टीम इंडिया 52 रन बना चुकी है. ईशान किशन 42 और तिलक वर्मा ने 10 रन बनाए हैं.














